सरकारी बैंकिंग सेक्टर के मजबूत खिलाड़ियों में गिने जाने वाले इंडियन बैंक को लेकर बाजार में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि इस शेयर के तकनीकी स्तरों और मौजूदा वैल्यूएशन को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर 770 रुपये का स्तर निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इंडियन बैंक का शेयर 770 रुपये के नीचे टूट सकता है? बैंक के फंडामेंटल्स अभी भी काफी मजबूत हैं। बैंक लगातार अच्छी ग्रोथ दिखा रहा है और इसकी एसेट क्वालिटी भी बेहतर बनी हुई है। एनपीए नियंत्रण में हैं और बैंकिंग सेक्टर में इसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है। यही वजह है कि पिछले कुछ समय में इस शेयर में शानदार तेजी देखने को मिली।
हालांकि, शेयर में आई इस तेजी के बाद इसका वैल्यूएशन काफी बढ़ चुका है। जब किसी कंपनी को लेकर बाजार में हर तरफ सकारात्मक माहौल बन जाता है, तो कई बार शेयर की कीमत उसके वास्तविक मूल्य से आगे निकल जाती है। इंडियन बैंक के साथ भी फिलहाल कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है। आने वाले समय में यह शेयर 770 रुपये से 900 रुपये के बीच कंसोलिडेट कर सकता है। लेकिन यदि बाजार में दबाव बढ़ता है और शेयर 770 रुपये के नीचे फिसलता है, तो इसमें कमजोरी और बढ़ सकती है। इसलिए इस स्तर को निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है।
मौजूदा समय में इंडियन बैंक लंबी अवधि के निवेश से ज्यादा ट्रेडिंग कैटेगरी का शेयर बन गया है। ऐसे में निवेशकों को बिना रणनीति के नई खरीदारी से बचने की सलाह दी जा रही है। वहीं जिन निवेशकों के पास पहले से यह शेयर मौजूद है, उन्हें 770 रुपये के स्तर पर खास नजर रखने की जरूरत है। बैंक की गुणवत्ता और प्रदर्शन मजबूत बने हुए हैं, लेकिन ऊंचे वैल्यूएशन और बाजार की अनिश्चितता के कारण जोखिम भी बढ़ गया है। ऐसे में निवेशकों को लालच की बजाय सतर्कता के साथ फैसला लेने की जरूरत होगी।
(शेयर मंथन, 12 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)