आईटी सेक्टर में हाल के दिनों में रिकवरी की कोशिश जरूर देखने को मिली है, लेकिन 32,000 के स्तर के आसपास पहुंचते ही इंडेक्स पर दबाव बढ़ गया।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि इससे साफ है कि ऊपरी स्तरों पर अभी भी बिकवाली हावी है और निवेशकों के बीच पूरी तरह भरोसा नहीं लौटा है। तकनीकी विश्लेषण के अनुसार, आईटी इंडेक्स अभी एक अहम ट्रेंडलाइन के ऊपर बना हुआ है और फिलहाल इसमें ब्रेकआउट का संकेत दिखाई देता है। हालांकि, तेज उछाल के दौरान बने गैप्स (Gap) को भरने की संभावना बनी हुई है, इसलिए निकट भविष्य में कुछ मुनाफावसूली या थ्रोबैक देखने को मिल सकता है।
24 जुलाई की कैंडल का निचला स्तर 28,141 आईटी इंडेक्स के लिए सबसे अहम रिस्क मैनेजमेंट लेवल है। जब तक इंडेक्स इस स्तर के ऊपर बना रहता है, तब तक हर गिरावट को खरीदारी के अवसर के रूप में देखा जा सकता है। यदि इंडेक्स गैप भरने के लिए 28,800 के आसपास या उससे नीचे आता है, तो नए निवेशक और शॉर्ट टर्म ट्रेडर चरणबद्ध तरीके से खरीदारी पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, बिना रिस्क मैनेजमेंट के निवेश करने की सलाह नहीं दी जा रही है।
आईटी सेक्टर को लेकर फिलहाल पूरी स्पष्टता नहीं है। वैश्विक बाजारों, खासकर एआई (Artificial Intelligence) से जुड़ी कंपनियों में बढ़ती अस्थिरता और विदेशी बाजारों की कमजोरी से निवेशकों के मन में कुछ संशय बना हुआ है। ऐसे माहौल में अपेक्षाकृत कम उतार-चढ़ाव वाले आईटी सर्विस सेक्टर की ओर निवेशकों का रुझान बढ़ सकता है। यही वजह है कि सेक्टर में हालिया मजबूती देखने को मिली है।
इसके बावजूद लंबी अवधि को लेकर अभी पूरी तरह आश्वस्त होना जल्दबाजी होगी। अगले एक-दो तिमाहियों के नतीजों के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आईटी सेक्टर का निचला स्तर स्थायी रूप से बन चुका है या नहीं। फिलहाल तकनीकी संकेतकों में सुधार जरूर दिख रहा है, लेकिन 30,000 के आसपास पहुंचने के बाद गिरावट का जोखिम भी पहले की तुलना में बढ़ गया है। इसलिए रणनीति यही होनी चाहिए कि निवेशक फिलहाल आईटी सेक्टर को टैक्टिकल नजरिए से देखें, हर गिरावट पर सीमित और चरणबद्ध खरीदारी करें तथा 28,141 के रिस्क मैनेजमेंट स्तर का सख्ती से पालन करें।
(शेयर मंथन, 04 अगस्त 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)