पहली तिमाही के कॉरपोरेट नतीजे बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहे हैं।
कोटक के रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान के मुताबिक, चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल, युद्ध की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनियों के नतीजों में मजबूती दिखाई दी है। निफ्टी 50 कंपनियों के मुनाफे में साल-दर-साल करीब 17.7 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली, जबकि अनुमान लगभग 10.4 प्रतिशत का था। इसी तरह ईबीआईटीडीए ग्रोथ भी अनुमान से बेहतर रही। उनका मानना है कि इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि भारतीय कंपनियों की कमाई में सुधार की स्थिति बनी हुई है।
विश्लेषक के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजे भी संतोषजनक रहे थे और पहली तिमाही में भी कंपनियों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया। इसके पीछे घरेलू खपत में सुधार और अर्थव्यवस्था में मजबूती को अहम वजह माना जा रहा है। सरकार की जीएसटी दरों में युक्तिसंगत बदलाव और मध्यम आय वर्ग को कर में राहत मिलने से उपभोग को समर्थन मिला है। यही वजह है कि कई कंपनियों की मांग और बिक्री में सुधार देखने को मिला।
सेक्टर की बात करें तो मेटल, माइनिंग, बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, हेल्थकेयर और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ऑटो सेक्टर में भी वॉल्यूम ग्रोथ और मार्जिन में सुधार देखने को मिला। हालांकि आईटी और कुछ कंजम्पशन कंपनियों पर दबाव रहा। कुल मिलाकर बहुत कम सेक्टर ऐसे रहे जहां नतीजे उम्मीदों से कमजोर रहे।
आने वाले समय को लेकर भी रिसर्च टीम सकारात्मक नजरिया रखती है। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में कंपनियों की कमाई में करीब 16 से 18 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिल सकती है। हालांकि इस अनुमान के सामने सबसे बड़ा जोखिम कच्चे तेल की कीमतें हैं। यदि क्रूड लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बना रहता है तो कंपनियों की लागत बढ़ सकती है और मार्जिन पर दबाव आ सकता है।
इसलिए बाजार के लिए पहली तिमाही के नतीजे निश्चित तौर पर राहत देने वाले हैं, लेकिन निवेशकों को वैश्विक घटनाक्रम और क्रूड की कीमतों पर नजर बनाए रखनी होगी। फिलहाल मजबूत कॉरपोरेट कमाई भारतीय शेयर बाजार के लिए सकारात्मक संकेत दे रही है।
(शेयर मंथन, 24 अगस्त 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)