शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

क्या रिलायंस के जरिए अमेरिका अपनी डीजल जरूरतों को पूरा करना चाहता है?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की जामनगर स्थित रिलायंस रिफाइनरी की यात्रा को केवल एक कूटनीतिक दौरे के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं होगा।

इसके पीछे अमेरिका की ऊर्जा जरूरतें और घरेलू राजनीतिक हित भी अहम हो सकते हैं। ऊर्जा विशेषज्ञ नरेंद्र तनेजा का कहना है कि अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता है, लेकिन वहां रिफाइनिंग क्षमता से जुड़ी चुनौतियां हैं। अमेरिका में पिछले करीब 50 वर्षों में कोई नई रिफाइनरी नहीं बनी है। वहीं, रूस से तेल और सऊदी अरब से डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में अमेरिका को आने वाले समय में ईंधन की कीमतों को लेकर चिंता हो सकती है। ऐसे में रिलायंस जैसी बड़ी रिफाइनिंग कंपनी उसके लिए महत्वपूर्ण हो जाती है।

रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी से दुनिया के 106 देशों को पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात किया जाता है। चर्चा के मुताबिक, अमेरिका की कोशिश हो सकती है कि कंपनी अपनी निर्यात आपूर्ति में उसे प्राथमिकता दे। इसके बदले अमेरिका वेनेजुएला से सस्ता कच्चा तेल उपलब्ध कराने में मदद कर सकता है। हालांकि, इस संभावित समझ को किसी औपचारिक समझौते के रूप में पेश नहीं किया गया। विशेषज्ञ ने यह भी कहा कि आज के दौर में विदेश मंत्री और राष्ट्राध्यक्ष केवल राजनीतिक बातचीत तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बड़ी कंपनियों के मुख्यालय और औद्योगिक केंद्रों का दौरा करके अपने देश के आर्थिक और ऊर्जा हितों को भी आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2015 में फेसबुक मुख्यालय की यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़ी कंपनियों की भूमिका लगातार बढ़ी है।

अमेरिका के टेक्सास में रिलायंस की ओर से प्रस्तावित रिफाइनरी परियोजना भी इस पूरे घटनाक्रम का एक अहम पहलू है। टेक्सास की अर्थव्यवस्था में तेल और गैस उद्योग की बड़ी भूमिका है। ऐसे में वहां रिफाइनरी परियोजना से निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। विशेषज्ञ के अनुसार, अमेरिकी नेताओं के लिए इस तरह की परियोजनाएं घरेलू मतदाताओं के सामने रोजगार और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दिखाने का माध्यम भी बन सकती हैं। उनके मुताबिक, तेल का कारोबार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं है, बल्कि इसमें राजनीति और राष्ट्रीय हितों की भी बड़ी भूमिका होती है। इस लिहाज से रूबियो की जामनगर यात्रा भारत की रिफाइनिंग क्षमता और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उसकी अहमियत को भी रेखांकित करती है।


(शेयर मंथन, 02 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

 

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!