शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

सोमवार 28 अगस्त : देश दुनिया की 10 बड़ी खबरें

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) को सीबीआई की विशेष अदालत ने दो साध्वियों के यौन शोषण मामले में 10-10 साल के कारावास की सजा सुनायी है। पहली सजा समाप्त होने के बाद दूसरी सजा आरंभ होगी, यानी कुल सजा 20 साल की होगी। इस मामले में गुरमीत राम रहीम पर 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह पैसा पीड़ित महिलाओं को दिया जायेगा।

न्यायाधीश दीपक मिश्र (Justice Dipak Misra) भारत के 45वें मुख्य न्यायाधीश बन गये हैं। वरिष्ठता के आधार पर नियुक्त मुख्य न्यायाधीश को 13 महीने का कार्यकाल मिलेगा और वे 2 अक्टूबर 2018 को सेवानिवृत्त हो जायेंगे।
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक डोकलाम विवाद पर समझौते के बाद भारत और चीन इस क्षेत्र से अपनी-अपनी सेनाओं को एक साथ हटाने पर राजी हो गये हैं। दूसरी ओर चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय सेना के जवान वापस अपने क्षेत्र में जाने के लिए सहमत हो गये हैं।
दिल्ली में बवाना विधान सभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को 24 हजार से अधिक मतों से हराया। इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आशा है अब आम आदमी पार्टी ईवीएम को नहीं कोसेगी।
पणजी विधान सभा सीट पर हुए उपचुनाव में गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर (Manohar Parrikar) को जीत हासिल हुई है। गोवा की वालपोई सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को विजय मिली है। तेलुगू देशम पार्टी (TDP) ने नंदयाल विधान सभा सीट पर जीत दर्ज की है।
राजस्थान के मंडलगढ़ से भारतीय जनता पार्टी की विधायक कीर्ति कुमारी की सोमवार को भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल में मौत हो गयी। स्वाइन फ्लू के कारण साँस लेने में तकलीफ की वजह से उन्हें रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उच्चतम न्यायालय ने शराब कंपनियों को बिहार से शराब का स्टॉक निकालने के लिए और समय देने से मना कर दिया है।
राष्ट्रीय राजधानी और इसके नजदीकी इलाकों में 50 लाख किलोग्राम से अधिक पटाखे होने की जानकारी मिलने के बाद उच्चतम न्यायालय ने पटाखों के भंडारण की व्यवस्था पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि आपके पास तो भारतीय सेना से भी अधिक पटाखे हैं। इनसे तो पूरा देश जल सकता है।
ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्यिक दूतावास ने जानकारी दी है कि अमेरिका में आये भीषण तूफान हरीकेन हार्वे (Hurricane Harvey) के कारण यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन में 200 भारतीय छात्र फँसे हुए हैं।
इस साल हज यात्रा के लिए दुनिया भर से 20 लाख लोगों के सऊदी अरब के मक्का पहुँचने की संभावना है। ईरान के हाजी भी इस वर्ष हज में शामिल हो रहे हैं। साल 2015 में मक्का में हुई भगदड़ के कारण साल 2016 में ईरान के लोग मक्का नहीं गये थे। (शेयर मंथन, 28 अगस्त 2017)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"