शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

निफ्टी (Nifty) गिर कर 5980 पर, सेंसेक्स (Sensex) 431 अंक लुढ़का

घरेलू अर्थव्यवस्था संबंधी चिंताओं के बढ़ने से भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज तीखी गिरावट के साथ बंद हुए। 
अप्रैल महीने में व्यापार घाटा बढ़ने और रुपये के टूटने की वजह से बाजार में दबाव बना। घरेलू बाजार में आज वर्ष 2013 की यह सबसे बड़ी एक-दिनी गिरावट रही। 
सेंसेक्स (Sensex) 20,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया। निफ्टी (Nifty) भी 6000 के स्तर के नीचे चला गया।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 431 अंक यानी 2.14% की गिरावट के साथ 19,692 पर बंद हुआ। निफ्टी 127 अंक यानी 2.08% की गिरावट के साथ 5980 पर रहा। सीएनएक्स मिडकैप सूचकांक में 1.82% की गिरावट रही। बीएसई के मिडकैप सूचकांक में 1.45% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.13% की गिरावट रही। आज के कारोबार में एफएमसीजी और कैपिटल गुड्स क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा। 
नकारात्मक एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। कारोबार के पहले घंटे में ही बाजार की गिरावट बढ़ी। इस दौरान निफ्टी 6100 के स्तर से नीचे फिसल गया। हालाँकि अप्रैल महीने में खुदरा महँगाई दर के घटने से बाजार की गिरावट में थोड़ी कमी आयी। अप्रैल 2013 में महँगाई दर घट कर 9.39% रही है, जबकि मार्च 2013 में यह दर 10.39% थी, लेकिन यूरोपीय बाजारों के कमजोरी पर खुलने से घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। इस दौरान सेंसेक्स 20,000 के स्तर से नीचे फिसल गया। दोपहर के समय में जैसे-जैसे कारोबार बढ़ता गया, बाजार की गिरावट भी बढ़ती चली गयी। अप्रैल महीने में व्यापार घाटा बढ़ने की खबरों के बीच बाजार की गिरावट में इजाफा हुआ। अप्रैल 2013 में भारत का व्यापार घाटा बढ़ कर 17.8 अरब डॉलर हो गया है, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 14.0 अरब डॉलर रहा था। कारोबार के आखिरी घंटे में बाजार और टूट गया। निफ्टी 6000 के स्तर से नीचे फिसल गया। इस दौरान सेंसेक्स 19,667 और निफ्टी 5973 तक नीचे फिसल गये। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार के निचले स्तरों से कुछ सँभल कर बंद हुए।
क्षेत्रो के लिहाज से आज एफएमसीजी क्षेत्र को सबसे ज्यादा 3.17% का घाटा हुआ। कैपिटल गुड्स में 2.61%, धातु में 2.54%, ऑटो में 2.06%, टीईसीके में 2.05%, पीएसयू में 1.85%, तेल-गैस में 1.80%, आईटी में 1.74%, बैंकिंग में 1.62%, रियल्टी में 1.60%, पावर में 1.55% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.35% की गिरावट रही। हेल्थकेयर में 0.94% की कमजोरी रही। (शेयर मंथन, 13 मई 2013) 

 


Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"