गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में जबरदस्त मजबूती रही।
नवंबर माह में बेरोजगारी के आँकड़ों में अप्रत्याशित गिरावट से बाजार को बल मिला। डॉव जोंस पहली बार 16,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। कारोबार के अंत में डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 109 अंक यानी 0.69% की मजबूती के साथ 16,009 पर रहा। नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 48 अंक यानी 1.22% चढ़ कर 3969 पर और एसऐंडपी 500 (S&P 500) सूचकांक 14 अंक यानी 0.81% की बढ़त के साथ 1796 पर बंद हुआ।
कच्चे तेल (Crude OIl) के भाव में गिरावट रही। नाइमेक्स (Nymex) में कच्चे तेल का दिसंबर वायदा भाव 0.22 डॉलर गिर कर 95.22 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। वहीं सोना में मजबूती रही। कॉमेक्स (Comex) में सोने (Gold) का दिसंबर फ्यूचर 0.60 डॉलर की मजबूती के साथ 1,244.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा। (शेयर मंथन, 22 नवंबर 2013)
Add comment