कारोबारी हफ्ते के दूसरे दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 167 अंक यानी 0.68% की गिरावट के साथ 24,550 पर रहा। निफ्टी 41 अंक यानी 0.56% की कमजोरी के साथ 7,318 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 1.04% की गिरावट रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.66% और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 0.45% की कमजोरी रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज पावर और तेल-गैस में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।
मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में ही बाजार में गिरावट बढ़ती चली गयी। निफ्टी 7,300 के स्तर से नीचे फिसल गया। इस दौरान सेंसेक्स 24,422 और निफ्टी 7,275 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। हालाँकि निफ्टी जल्द ही 7,300 के स्तर से ऊपर लौट आया। इसके बाद जैसे-जैसे कारोबार बढ़ता गया, बाजार की गिरावट कम होती चली गयी। यूरोपीय बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। इस दौरान बाजार में एक सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। दोपहर के कारोबार में बाजार में एक बार फिर गिरावट बढ़ी। निफ्टी दोबारा 7,300 के स्तर से नीचे फिसला। हालाँकि जल्द ही सँभल कर इस स्तर से ऊपर लौट आया। कारोबार के अंत तक बाजार में एक बेहद सीमित दायरे में गिरावट पर ही कारोबार होता रहा।आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में लाल निशान पर ही बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से आज पावर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 2.14% की गिरावट रही। तेल-गैस में 1.92%, ऑटो में 1.31%, रियल्टी में 0.90%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.62%, बैंकिंग में 0.61%, एफएमसीजी में 0.09% और कैपिटल गुड्स में 0.07% की कमजोरी रही। दूसरी ओर, आईटी में 0.29% की मजबूती रही। हेल्थकेयर में 0.25%, टीईसीके में 0.21% और धातु में 0.04% की बढ़त रही। (शेयर मंथन, 27 मई 2014)
Add comment