कारोबारी हफ्ते के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स (Sensex) 25,000 और निफ्टी (Nifty) 7,500 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गये। हालाँकि कारोबार के अंत में सेंसेक्स इस स्तर से ऊपर लौटने में कामयाब रहा, लेकिन निफ्टी 7,500 के स्तर से नीचे बंद हुआ।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 74 अंक यानी 0.30% की गिरावट के साथ 25,031 पर रहा। निफ्टी 18 अंक यानी 0.24% की कमजोरी के साथ 7,493 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.69% की मजबूती रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.63% और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 0.56% की बढ़त रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज एफएमसीजी और आईटी में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।
कमजोर एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। इस दौरान सेंसेक्स 25,197 और निफ्टी 7,535 दिन के ऊपरी स्तरों तक चढ़ गये, लेकिन कारोबार के दूसरे घंटे में बाजार बढ़त गवाँ कर लाल निशान पर फिसल गया। निफ्टी 7,500 के स्तर से नीचे फिसल गया। सेंसेक्स भी 25,000 के स्तर से नीचे लुढ़का। हालाँकि सेंसेक्स जल्द ही सँभल कर इस स्तर से ऊपर लौट आया। मिले-जुले यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार में अस्थिरता बनी रही। दोपहर के कारोबार में बाजार की गिरावट बढती चली गयी। सेंसेक्स ने एक बार फिर 25,000 के नीचे का रुख किया। इस दौरान सेंसेक्स 24,879 और निफ्टी 7,442 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। हालाँकि कारोबार के आखिरी घंटे में बाजार सँभलता चला गया। सेंसेक्स 25,000 के स्तर से ऊपर लौट आया। निफ्टी भी 7,500 से ऊपर आने में कामयाब रहा, लेकिन निफ्टी आखिरी मिनटों में इस स्तर से नीचे फिसल गया। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में उतार-चढ़ाव के बाद गिरावट के साथ बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से आज एफएमसीजी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 4.06% की गिरावट रही। आईटी में 1.56%, टीईसीके में 1.12% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.90% की कमजोरी रही। दूसरी ओर, तेल-गैस में 1.43% की मजबूती रही। धातु में 1.13%, ऑटो में 0.73%, कैपिटल गुड्स में 0.55%, हेल्थकेयर में 0.48%, बैंकिंग में 0.44%, रियल्टी में 0.42% और पावर में 0.17% की बढ़त रही। (शेयर मंथन, 23 जून 2014)
Add comment