भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज मजबूती के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स (Sensex) 28,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया, लेकिन इस स्तर से नीचे बंद हुआ।
आज के कारोबार में सेंसेक्स 28,010 और निफ्टी 8,366 अब तक के रिकॉर्ड ऊपरी स्तरों पर रहे।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 55 अंक यानी 0.20% की बढ़त के साथ 27,916 पर रहा। निफ्टी 14 अंक यानी 0.17% की बढ़त के साथ 8,338 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.14% की बढ़त रही। बीएसई के स्मॉलकैप (Smallcap) में 0.76% और बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.23% की बढ़त रही। क्षेत्रों के लिहाज से बैंकिंग और हेल्थकेयर क्षेत्रों में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा।
कमजोर एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में ही बाजार की मजबूती बढ़ी। कारोबार के दूसरे घंटे में सेंसेक्स 28,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करने में कामयाब रहा, लेकिन जल्द ही इस स्तर से नीचे फिसल गया। इसके बाद बाजार में एक सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। मजबूत यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। दोपहर के कारोबार में बाजार की मजबूती घटती चली गयी। इस दौरान बाजार कुछ देर के लिए लाल निशान पर फिसल गया। सेंसेक्स 27,858 और निफ्टी 8,323 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। हालाँकि जल्द ही बाजार हरे निशान पर लौट आया। इसके बाद जैसे-जैसे कारोबार बढ़ता गया, बाजार की मजबूती बढ़ती चली गयी। कारोबार के आखिरी घंटे में बाजार का जोश बढ़ा। सेंसेक्स एक बार फिर 28,000 के स्तर को पार कर गया। इस दौरान सेंसेक्स 28,010 और निफ्टी 8,366 दिन के ऊपरी स्तरों तक चढ़ गये। हालाँकि सेंसेक्स जल्द ही इस स्तर से नीचे लुढ़का। कारोबार के आखिरी मिनटों में बाजार की मजबूती में कमी आयी। आखिरकार, सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में बढ़त के साथ ही बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से बैंकिंग को सबसे ज्यादा 1.41% का फायदा हुआ। हेल्थकेयर में 1.01%, आईटी में 0.73%, कैपिटल गुड्स में 0.57%, एफएमसीजी में 0.32% और ऑटो में 0.053% की बढ़त रही। दूसरी ओर, धातु को 3.03% का घाटा हुआ। पावर में 0.91%, तेल-गैस में 0.66%, रियल्टी में 0.38% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.16% की गिरावट रही। (शेयर मंथन, 05 नवंबर 2014)
Add comment