इस सप्ताह के दूसरे दिन भी लगातार अमेरिकी शेयर बाजार में मोटे तौर पर कमजोर रुझान ही देखने को मिला, हालाँकि एसऐंडपी 500 में मामूली बढ़त दर्ज हुई।
दूसरी ओर एशियाई बाजारों से आज सुबह तेजी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 3 अंक या 0.01% नीचे 17,765 बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 8 अंक या 0.15% की गिरावट के साथ 5014 पर रहा, जबकि एसएंडपी 500 (S&P 500) में 0.87 अंक या 0.04% की मामूली बढ़त दर्ज हुई और यह 2080 के स्तर पर बंद हुआ। अप्रैल महीने में अमेरिका में थोक विक्रेताओं की इन्वेंट्री में होने वाली वृद्धि अर्थशास्त्रियों के अनुमानों से ज्यादा रही है।
एशियाई बाजारों में आज सुबह से ही बढ़त नजर आ रही है। ज्यादातर सूचकांक हरे दिखाई दे रहे हैं। भारतीय समय के मुताबिक सुबह लगभग 8.45 बजे जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) लगभग 0.77% ऊपर चल रहा है। वहीं हांग कांग के हैंग सेंग (Hang Seng) में 0.28% एवं सिंगापुर के स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) में 0.31% की तेजी दिख रही है। चीन का शंघाई कंपोजिट (SSE Composite) लगभग 0.23% के नुकसान पर है। (शेयर मंथन, 10 जून 2015)
Add comment