तेल की कीमतों मे गिरावट के चलते अमेरिकी ऊर्जा शेयरों के भाव में कमी आयी, जिससे कल अमेरिकी शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ लगभग सपाट बंद हुआ।
इसके अलावा कल यूनान की संसद में राहत पैकेज के बदले यूरो क्षेत्र के ऋणदाताओं की सख्त शर्तों पर मतदान भी होना था, जिसके परिणाम को लेकर निवेशक चिंता में रहे। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) केवल 3 अंक या 0.02% की एकदम हल्की गिरावट के साथ 18,050 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 6 अंक या 0.12% की गिरावट के साथ 5,099 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 (S&P 500) में 1.55 अंक या 0.07% की गिरावट दर्ज हुई और यह 2,107 के स्तर पर आ गया।
आज सुबह एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 0.50%, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 0.39% और चीन का शंघाई कंपोजिट (SSE Composite) 0.05% ऊपर चल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर हांग कांग के हैंग सेंग (Hang Seng) में 0.25% की गिरावट देखने को मिल रही है। (शेयर मंथन, 16 जुलाई 2015)
Add comment