
वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में जारी गिरावट का दबाव, भारतीय शेयर बाजार में भी आज देखने को मिल रहा है।
अमेरिकी शेयर बाजार कल 1% गिरावट के साथ बंद हुआ तो वही आज एशियाई बाजारों में भी गिरावट का रुख बना हुआ है। खराब वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार भी गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में लाल निशान में ही चल रहा है।
आज सुबह सेंसेक्स (Sensex) 197 अंक या 0.76% गिर कर 25,523 पर खुला। वहीं एनएसई (NSE) में निफ्टी ने 90 अंक या 1.15% की गिरावट के साथ 7,729 पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में दोनों सूचकांकों में गिरावट का ही रुख बना हुआ है। सुबह 10.10 बजे सेंसेक्स 351 अंक या 1.36% गिरावट के साथ 25,355 पर चल रहा है। निफ्टी भी 126 अंक या 1.61% की गिरवाट के साथ 7,693 पर चल रहा है।
आज छोटे-मँझोले शेयरों में भी गिरावट का रुख ही देखने को मिल रहा है। बीएसई मिडकैप में 1.39% की गिरावट है। तो वहीं बीएसई स्मॉलकैप में भी 1.64% की गिरावट है। एनएसई के सीएनएक्स मिडकैप 1.55% और सीएनएक्स स्मॉलकैप 2.11% की गिरावट पर है।
क्षेत्रवार देखें तो सारे क्षेत्रीय सूचकांक लाल निशान में चल रहे हैं। बीएसई में रियल्टी (-2.59%), बैकिंग (-2.29%), पावर (-2.27%), कंज्यूमर ड्यूरेबल (-1.86%), मेटल (-1.79%), कैपिटल गुड्स (-1.69%), ऑटो (-1.61%), हेल्थकयर (-1.14%), तेल-गैस (-0.62%), एफएमसीजी (-0.71%), टीईसीके (-0.53%), आईटी (-0.32%) में गिरावट का रुख है। (शेयर मंथन,10 सितंबर 2015)
Add comment