चीन के शेयर बाजार में संकट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आयी गिरावट की स्थिति पर क्राफ्टवेल्थ मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक आशीष कुकरेजा ने शेयर मंथन से कहा कि अभी यह कहना बहुत मुश्किल है कि यह असर कब तक रहेगा लेकिन एक निश्चित स्तर तक इस गिरावट से बाजार में प्रवेश के लिए नये अवसर बन रहे हैं।
निफ्टी 50 का 7500-7550 अंक तक का स्तर खरीद के लिए अच्छा स्तर होगा। फिलहाल चीन के हालात और इस गिरावट के असर की चपेट में कमोडिटी, मेटल, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयर हैं। कंज्यूमर, फार्मा और एफएमसीजी सेक्टर के शेयर इस असर से अछूते रहेंगे। निवेश की दृष्टि से देखा जाये तो यह समय घबराने की बजाय इंतजार करने का है। साथ ही हर गिरावट पर बढ़ती मात्रा में खरीदारी की रणनीति अपनायी जा सकती है।
पूँजी बाजार में सोमवार की गिरावट और फिर आज गुरुवार को आयी गिरावट से निवेशक आशंकित हैं। चीन के शेयर बाजार में हालत यह हो गयी कि दो-दो बार कारोबार रोकना पड़ा। चीन की स्थिति से सभी एशियाई बाजार प्रभावित हुए हैं। भारतीय शेयर बाजार बुधवार की 25,406.33 अंक की बंदी के मुकाबले गुरुवार को सुबह गिर कर 25,224.70 अंक पर खुला। सेंसेक्स गिरते हुए 24,896.44 अंक तक जा पहुँचा। अपराह्न करीब 12:50 बजे सेंसेक्स 469.05 अंक (1.85%) की गिरावट के साथ 24,937.28 अंक पर था। निफ्टी 50 बुधवार की 7741 अंक की बंदी के मुकाबले गुरुवार को अपराह्न 12:55 बजे 146.90 अंक (1.90%) की गिरावट के साथ 7594.10 अंक पर था।
Add comment