देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) को कारों के निर्यात के मोर्चे पर भारी गिरावट का सामना करना पड़ा है।
कंपनी ने जनवरी 2014 में 1,02,416 कारों की बिक्री की है। बिक्री का यह आँकड़ा साल-दर-साल के आधार पर 10.3% की गिरावट दर्शाता है। जनवरी 2013 में इसने 1,14,205 कारें बेची थीं।
साल 2014 के पहले महीने में मारुति सुजुकी की बिक्री में घरेलू मोर्चे पर साल-दर-साल 6.3% कमजोरी आयी है और यह आँकड़ा घट कर 96,569 रह गया है। इसके निर्यात में 47.7% की भारी गिरावट दर्ज की गयी है। जनवरी 2013 के 11,179 के मुकाबले जनवरी 2014 में इसने 5,847 कारों का निर्यात किया है।
जहाँ एसएक्स 4 (SX4) जैसी मँझोली गाड़ियों की बिक्री में साल-दर-साल 81.1% की भारी गिरावट दर्ज की गयी है, वहीं अल्टो (Alto), ए-स्टार (A-Star), वैगनआर (WagonR) जैसी छोटी गाड़ियों की बिक्री में इस दौरान 17% की कमी आयी है।
हालाँकि कुछ सेगमेंट में कंपनी की बिक्री में वृद्धि भी हुई है। व्यावसायिक तौर पर इस्तेमाल किये जा रहे वाहनों जैसे एको (Eeco) और ओम्नी (Omni) की बिक्री में 11.6% वृद्धि हुई है। जनवरी 2013 के 8,374 के मुकाबले मारुति सुजुकी ने बीते महीने ऐसी 9,345 गाड़ियाँ बेची हैं। इस दौरान कंपनी की डिजायर (Dzire) कारों की बिक्री साल-दर-साल 12.7% बढ़ कर 24,473 हो गयी। (शेयर मंथन, 01 फरवरी 2014)
Add comment