सेंसेक्स फिर दस हजार के नीचे
कारोबारी हफ्ते के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 172 अंकों की गिरावट के साथ 9,928 पर रहा। निफ्टी 38 अंकों की कमजोरी के साथ 3,039 पर बंद हुआ। सोमवार को एशियाई बाजारों में छायी लाली का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा। दिनभर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव होता रहा। लेकिन कारोबार के आखिरी घंटों में गिरावट बढ़ गयी और बीएसई सेंसेक्स एक फिर दस हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे चला गया।
राजीव रंजन झा
सत्यम कंप्यूटर में आज फिर से बिकवाली का दबाव नजर आ रहा है। दोपहर 2 बजे के आसपास यह करीब 6-7 रुपये, यानी 4% के नुकसान पर 162-163 रुपये के स्तर पर था। हालाँकि बुधवार को 30% की भारी चोट के बाद कल यह थोड़ा वापस सँभला था और इसमें 7% से कुछ ज्यादा की बढ़त नजर आयी थी। लेकिन आज की गिरावट यह संकेत दे रही है कि बुधवार को लगी चोट की भरपायी निकट भविष्य में मुश्किल है। क्रिस के निदेशक अरुण केजरीवाल का कहना है कि इस समय सत्यम की विश्वसनीयता दाँव पर है। इसके शेयर भाव में जो उतार-चढ़ाव आया है, वह कंपनी के कामकाज में पारदर्शिता और प्रवर्तकों (प्रमोटरों) की ओर से उचित कॉर्पोरेट प्रशासन की कमी का नतीजा है।