एशियाई शेयर बाजारों में रही कमजोरी
आज बुधवार को प्रमुख एशियाई शेयर बाजार कमजोरी दर्ज करने के बाद बंद हुए हैं। हांगकांग के हैंग सेंग सूचकांक में 2.46% की गिरावट रही, जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी सूचकांक में 0.72% की कमजोरी आयी। जकार्ता कंपोजिट, निक्केई और शंघाई कंपोजिट सूचकांक भी लाल निशान के साथ बंद हुए, हालाँकि इनकी गिरावट 1% से कम रही।
आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने सिस्को के साथ एक समझौता किया है। इसके तहत टीसीएस, सिस्को की डाटा सेंटर नेटवर्किंग और सिक्योरिटी सॉल्युशन के लिए नई तकनीक बनाएगी। सिस्को की डाटा सेंटर की 3.0 तकनीक के परिचालन और ऊर्जा दक्षता को और बेहतर बनाने में टीसीएस सहयोग देगी। आईटी सेवा के लिए बड़े और छोटे कारोबार की जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों कंपनियां नई नेटवर्किंग तकनीक की खोज करेगी।
पंजाब नेशनल बैंक ने ओरिएंटल इंश्योरेंस के साथ एक समझौता किया है। बैंक ने बीएसई को सूचित किया है कि बैंक ने आईआरडीए के "रेफरल एरेंजमेंट" प्रावधानों के तहत बैंकएश्योरेंस-जनरल इंश्योरेंस हेतु ओरिएंटल इंश्योरेंस के साथ एक करार किया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में पंजाब नेशनल बैंक के शेयर भाव में हल्की गिरावट का रुख है।