म्यूचुअल फंड निवेशकों के बीच आज सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मौजूदा बाजार स्तर पर एकमुश्त (लंपसम) निवेश करना सही रहेगा या फिर इसे चरणबद्ध तरीके से लगाना बेहतर होगा।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि खासकर उन निवेशकों के लिए जो पहले से 25,000 रुपयेजैसी एसआईपी कर रहे हैं और अब उनके पास ₹1 लाख या 10 लाख रुपये जैसी अतिरिक्त राशि निवेश के लिए उपलब्ध है। SIP के जरिए हर महीने बाजार में पैसा आता रहता है, जिससे फंड मैनेजरों को लगातार निवेश करना पड़ता है। लेकिन लंपसम निवेश का निर्णय बाजार की स्थिति और निवेशक की रणनीति पर ज्यादा निर्भर करता है। वर्तमान परिस्थितियों में बाजार में पूरी तरह स्थिरता नहीं आई है और उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ऐसे में अगर आप म्यूचुअल फंड में लंपसम निवेश करना चाहते हैं, तो पूरी राशि एक बार में लगाने के बजाय इसे दो या अधिक हिस्सों में बांटना समझदारी होगी। उदाहरण के तौर पर, आप अपनी कुल राशि का लगभग 50% अभी निवेश कर सकते हैं और बाकी 50% को बाजार में गिरावट आने या महत्वपूर्ण स्तरों के पार जाने पर निवेश करें। इससे आपको बाजार के उतार-चढ़ाव का लाभ मिलेगा और जोखिम भी संतुलित रहेगा।
अगर निवेशक के पास बाजार या सेक्टर का विशेष ज्ञान नहीं है, तो सेक्टर आधारित या थीमैटिक फंड से दूरी बनाना बेहतर माना जाता है। ऐसे निवेशकों के लिए इंडेक्स फंड एक सरल और प्रभावी विकल्प है, जो सीधे बाजार सूचकांकों जैसे निफ्टी 50 को ट्रैक करते हैं। इसमें एक खास रणनीति अपनाई जा सकती है, जिसे “रुपी कॉस्ट एवरेजिंग” कहा जाता है। इसके तहत यदि बाजार (जैसे निफ्टी) 1% गिरता है, तो आप अपनी कुल पूंजी का 1% निवेश करें। इस तरह गिरावट के दौरान धीरे-धीरे निवेश बढ़ाते हुए आप अपनी औसत लागत को कम कर सकते हैं।
वहीं, यदि निवेशक के पास सही मार्गदर्शन या रिसर्च की सुविधा है, तो फ्लेक्सी कैप फंड एक अच्छा विकल्प बन सकता है। इस प्रकार के फंड में फंड मैनेजर को यह स्वतंत्रता होती है कि वह बाजार की स्थिति के अनुसार लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप में निवेश का अनुपात तय करे। मौजूदा समय में मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों में गिरावट के चलते बेहतर वैल्यूएशन देखने को मिल रहा है, जिसका लाभ फ्लेक्सी कैप फंड उठा सकते हैं।
दीर्घकालिक नजरिए से देखा जाए तो इंडेक्स फंड आमतौर पर 12% के आसपास का CAGR रिटर्न दे सकते हैं, लेकिन यदि निवेशक सही रणनीति के साथ चरणबद्ध निवेश करता है, तो यह रिटर्न 14-15% तक भी पहुंच सकता है। हालांकि, इसके लिए अनुशासन और धैर्य दोनों जरूरी हैं।
अगर आप बिना ज्यादा जटिलता के निवेश करना चाहते हैं, तो इंडेक्स फंड सबसे सुरक्षित और सरल विकल्प है। वहीं, थोड़ी अधिक सक्रिय रणनीति अपनाने वाले निवेशक फ्लेक्सी कैप फंड में भी निवेश कर सकते हैं। लंपसम निवेश के मामले में पूरी राशि एक बार में लगाने के बजाय चरणबद्ध निवेश करना मौजूदा बाजार परिस्थितियों में अधिक संतुलित और समझदारी भरा कदम होगा।
(शेयर मंथन, 23 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)