सेंसेक्स 330 अंक गिरा, निफ्टी 100 अंक नीचे
कारोबारी हफ्ते के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 330 अंकों की गिरावट के साथ 9,305 पर रहा। एनएसई निफ्टी 100 अंकों की कमजोरी के साथ 2,848 पर बंद हुआ। कमजोर वैश्विक संकेतों के मद्देनजर आज भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। सोमवार को पेश किये गये अंतरिम बजट 2009-10 ने बाजार को उत्साह प्रदान नहीं किया। अंतरिम बजट में उद्योगों के लिए किसी बड़ी राहत योजना का ऐलान नहीं किया गया है। दोपहर बाद शेयर बाजार में गिरावट बढ़ गयी। आज बीएसई सेंसेक्स में 3.42% की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
निवेश सलाहकार गुल टेकचंदानी का कहना है कि यह अंतरिम वित्त मंत्री का अंतरिम बजट है। हालाँकि उनका यह भी मानना है कि प्रणव मुखर्जी ने अंतरिम बजट के लिए एक उचित तरीके का पालन किया है। उनके मुताबिक बजट में कोई बड़ी घोषणा नहीं होने से पैदा हुई निराशा ज्यादा लंबी नहीं चलेगी, क्योंकि आखिरकार इस अंतरिम बजट ने यथास्थिति को बनाये रखा है। लेकिन इस अंतरिम बजट में पूर्ण बजट के लिए कई ऐसे संकेत रखे गये हैं, जिन्हें सकारात्मक माना जा सकता है। खास कर यह कहा गया है कि विकास दर को बनाये रखने के लिए करों में कमी करनी होगी। चुनाव के बाद नये वित्त मंत्री के लिए इस सलाह को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयर भाव में कमजोरी दिख रही है। आज के कारोबार में एक समय 162.65 रुपये का निचला स्तर छूने के बाद कंपनी का शेयर भाव दोपहर 2.55 बजे 5.97% की कमजोरी के साथ 170.80 रुपये पर है।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के सीनियर वीपी टी एस हरिहर का मानना है कि इस अंतरिम बजट को पेश करते समय कार्यकारी वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के सामने अपनी सीमाएँ थीं। हरिहर का कहना है कि मुझे कुछ घोषणाएँ होने की उम्मीद थी, लेकिन वित्त मंत्री ने केवल सरकार का रिपोर्ट कार्ड पढ़ने का काम किया। लेकिन बाजार की निराशा की वजह यह रही है कि इसने अंतरिम बजट से काफी उम्मीदें लगा ली थीं। उनके मुताबिक आज जब शेयर बाजार की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं तो उसके चलते तीखी गिरावट देखने को मिली।