शेयर मंथन में खोजें

अच्छी शुरुआत के बाद लुढ़के भारतीय शेयर बाजार

12.30 बजे: भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, लेकिन ये न केवल अपनी शुरुआती बढ़त को गँवा चुके हैं, बल्कि इस समय इनकी गिरावट भी बढ़ गयी है। इस समय सेंसेक्स 158 अंकों की कमजोरी के साथ 9,378 पर है, जबकि निफ्टी में 32 अंकों की कमजोरी है और यह 2,816 पर है। बीएसई के सभी सूचकांकों में इस समय कमजोरी है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सूचकांक में लगभग 3.5% की गिरावट है। धातु, ऑटो और तेल-गैस सूचकांक में भी 2% से अधिक की कमजोरी है। बाजार में चल रही गिरावट के बावजूद भारती एयरटेल में 3% से अधिक मजबूती है। रिलायंस कम्युनिकेशंस और रेनबैक्सी के शेयर भी लगभग 2% ऊपर हैं। बीएचईएल में 5% से अधिक की गिरावट है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, जयप्रकाश एसोसिएट्स, एचडीएफसी, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, विप्रो और लार्सन एंड टुब्रो में 3% से अधिक की कमजोरी है। महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस, डीएलएफ, टाटा स्टील और एसीसी में 2-3% की गिरावट है।

10.30 बजे: मजबूत वैश्विक संकेतों और महंगाई दर में आयी गिरावट की वजह से भारतीय शेयर बाजारों में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, लेकिन इन्होंने अपनी शुरुआती बढ़त को लगभग गँवा दिया है। इस समय सेंसेक्स 24 अंकों की मजबूती के साथ 9,560 पर है, जबकि निफ्टी में 23 अंकों की बढ़त है और यह 2,871 पर चल रहा है। बीएसई सूचकांकों में आईटी, एफएमसीजी, ऑटो, कैपिटल गुड्स और टीईसीके सूचकांक में कमजोरी है। आईटी सूचकांक में लगभग 2.5% की गिरावट है। रियल्टी सूचकांक तकरीबन 2% मजबूती पर है। धातु सूचकांक में भी 1% की बढ़त है। भारती एयरटेल, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज और टाटा पावर में  3% से अधिक मजबूती है। विप्रो लगभग 5% नीचे चल रहा है। इन्फोसिस में भी 3.5% की गिरावट है।

मुकेश अंबानी ने स्टील किंग मित्तल को पछाड़ा

सबसे अमीर भारतीयों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी ने स्टील किंग लक्ष्मी निवास मित्तल को पछाड़ दिया है। अब मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। इस बारे में अमेरिका स्थित कारोबारी पत्रिका फो‌र्ब्स ने 40 सबसे अमीर भारतीयों की एक सूची जारी की है।

फो‌र्ब्स पत्रिका ने सूची जारी करते हुए बताया कि डालर के मुकाबले रुपये में हो रही गिरावट के मद्देनजर कमजोर शेयर बाजार के कारण भारत के 40 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में करीब 60% की गिरावट आई। फो‌र्ब्स इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक उनकी संपत्ति अब 139 अरब डालर की है जो सिर्फ एक साल पहले 351 अरब डालर थी। वहीं, फो‌र्ब्स एशिया ने एक बयान में कहा कि भारतीय उद्योपतियों के लिए यह कठिनाइयों भरा समय है। भारतीय शेयर बाजार में पिछले दिनों में 48% की गिरावट आई। डालर के मुकाबले रुपये में 24% की गिरावट दर्ज हुई। इस साल फो‌र्ब्स की सूची में जगह बनाने के लिए 76 करोड़ डालर है जो पिछले साल के मुकाबले 84 करोड़ डालर कम है।

कच्चे तेल की कीमत में गिरावट जारी

कच्चे तेल की कीमत में गिरावट जारी है। यह अब 57 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गया है। न्यूयार्क मर्केटाइल एक्सचेंज में बुधवार को यह 56.16 डालर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। वहीं लंदन में बुधवार को ब्रेंट नार्थ सी कच्चा तेल भी 3.34 डालर प्रति बैरल गिरकर 52.37 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गया। जुलाई में तेल की कीमतों के 147 डालर के शीर्ष स्तर पर पहुंचने के बाद से अब तक इसमें 60% तक की गिरावट आ चुकी है। विशेषज्ञ ऐसा अनुमान लगा रहे हैं कि इन परिस्थितियों के चलते आज अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी अपनी रिपोर्ट में कच्चे तेल की मांग में भारी कमी का घोषणा कर सकती है। दूसरी तरफ ओपेक अपनी अगली बैठक से पहले ही कच्चे तेल के उत्पादन में और कमी का ऐलान कर सकता है।

एशियाई बाजार गिरावट के साथ बंद

गुरुवार को एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट का माहौल रहा। एक ओर जहां जापान का निक्केई सूचकांक 5.25% लुढ़क गया, वहीं हांगकांग का हैंग सेंग 5.15% की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट में भी 5% से अधिक की गिरावट दर्ज की गयी। ताइवान वेटेड और कॉस्पी में भी 3% से अधिक की कमजोरी रही। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स सूचकांक 1.6% की गिरावट के साथ बंद हुआ। लेकिन चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के इस माहौल से अछूता रहने में कामयाब रहा और सुबह के सत्र की कमजोरी से उबरते हुए 3.68% की बढ़त दर्ज कर बंद हुआ। भारतीय बाजारों में आज छुट्टी है। उधर यूरोपीय बाजारों में भी गुरुवार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। भारतीय समयानुसार 4.05 बजे एफटीएसई 100 में 1.8%, फ्रांस के कैक 40 में 1.1% और जर्मनी के डैक्स सूचकांक में 0.90% की कमजोरी है।

महंगाई दर अब 9% के भी नीचे

महंगाई की मार से त्रस्त लोगों को आज जारी आंकड़ों ने मुस्कराने का एक मौका दे दिया है। महंगाई दर 1 नबंवर, 2008 को खत्म हुए सप्ताह में गिरकर 8.98% पर आ गयी है। इसके पिछले हफ्ते में यह दर 10.72% पर थी, यानी एक हफ्ते में इसमें 1.74% अंक की गिरावट आयी है। हालांकि पिछले साल इसी अवधि में यह दर 3.35% थी।

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"