निफ्टी 2,800-2,900 के बीच रहने की उम्मीद
राजेश जैन, वीपी, एसएमसी ग्लोबल
कमजोर अंतरराष्ट्रीय संकेतों की वजह से भारतीय शेयर बाजारों में आज सुबह के कारोबार में नरमी का रुख दिख सकता है। लेकिन साथ ही इस बात को भी ध्यान में रखने की आवश्यकता है कि हमारे बाजार ऊपर जाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में यदि एशियाई बाजारों से अच्छे संकेत मिले, तो सुबह के बाद के कारोबार में बाजार बेहतर हो सकते हैं। चीनी शेयर बाजार एक हफ्ते की छुट्टी के बाद आज खुले हैं। यदि दिन चढ़ते-चढ़ते शंघाई कंपोजिट में सुधार दिखता है, तो दिन के कारोबार में हमारे बाजारों में भी बेहतरी आ सकती है।
राजीव रंजन झा
ग्रासिम इंडस्ट्रीज के लाभ में 40% की गिरावट आयी है। कंपनी का लाभ अक्टूबर-दिसंबर 2008 की तिमाही में 329.56 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में यह लाभ 553.79 करोड़ रुपये था। हालाँकि इस दौरान कंपनी की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है। साल 2008 की दिसंबर तिमाही में कंपनी को 2734.12 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में कंपनी की आय 2672.70 करोड़ रुपये रही थी।
रियल्टी क्षेत्र की कंपनी यूनिटेक के मुनाफे में 94% की गिरावट आयी है। कंपनी का मुनाफा अक्टूबर-दिसंबर 2008 की तिमाही में 19.50 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में यह 368.92 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी की आय में भी कमी आयी है। साल 2008 की दिसंबर तिमाही में इसे 324.67 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि साल 2007 की इसी तिमाही में इसकी आय 848.74 करोड़ रुपये रही थी।