शेयर मंथन में खोजें

भारतीय शेयर बाजार मजबूती दर्ज करने के बाद बंद

भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मजबूती दर्ज करने में सफल रहे। सेंसेक्स 142 अंकों की मजबूती के साथ 9,832 पर रहा, जबकि निफ्टी 60 अंकों की बढ़त के साथ 2,981 पर बंद हुआ। मजबूत वैश्विक संकेतों के मद्देनजर शेयर बाजारों में दिन के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स 132 अंकों की बढ़त के साथ खुला और एक समय इसकी बढ़त 258 अंकों की हो गयी थी। लेकिन उसके बाद दिन भर सेंसेक्स मात्र 200 अंकों के एक सीमित दायरे में घूमता रहा।

बढ़त के साथ बंद हुए एशियाई बाजार

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को एशियाई बाजार मजबूती दर्ज करने के बाद बंद हुए। जकार्ता कंपोजिट में 7.6% की भारी बढ़त दर्ज की गयी। जापान के निक्केई सूचकांक में 5.2% की मजबूती रही। दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार के सूचकांक कॉस्पी में 4.9% से अधिक की तेजी रही।

ब्याज दरों में हुई कटौती: रियल्टी क्षेत्र के शेयरों में तेजी

घर कर्ज पर लगने वाली ब्याज दरों में कमी की घोषणा के बाद रियल्टी क्षेत्र के शेयरों में तेजी का रुख है। दोपहर 1.35 बजे बीएसई में ऑर्बिट कारपोरेशन में 12.5%, यूनिटेक में 9.9%, ओमैक्स में 9%, पेनिनसुला लैंड में 7%, पार्श्वनाथ डेवलपर्स में 6.9%, शोभा डेवलपर्स में 6.6% और डीएलएफ में 2.7% की मजबूती है।

विलय की खबरों से टाटा स्टील में उछाल

टाटा स्टील और कोरस के विलय की संभावना वाली खबरों के चलते आज टाटा स्टील के शेयर भाव में जबरदस्त उछाल दिख रही है। आज सुबह बीएसई में टाटा स्टील 222.50 रुपये पर खुला, जो पिछले बंद भाव 217.90 रुपये की तुलना में करीब 2% ऊँचा था। दोपहर के कारोबार में इस शेयर ने अपनी मजबूती को और आगे बढ़ाया और 237.35 रुपये का ऊँचा स्तर छू लिया। लंदन के अखबार दी डेली मेल ने यह खास खबर दी है कि कोरस का विलय भारत की सबसे बड़ी स्टील कंपनी टाटा स्टील में हो सकता है।

भारतीय शेयर बाजारों की बढ़त में कमी

2.31: शेयर बाजारों की मजबूती में कमी आती दिख रही है। इस समय सेंसेक्स करीब 136 अंकों की बढ़त के साथ 9,826 पर है। निफ्टी 55 अंकों की मजबूती के साथ 2,976 पर है। बीसई में धातु, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और पीएसयू सूचकांकों में करीब 4-6% की बढ़त है। ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 7.3%, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में 7.28% और टाटा स्टील में 6.3% की मजबूती है। स्टरलाइट इंडस्ट्रीज में करीब 5%, लार्सन एंड टुब्रो में 4.8% और ओएनजीसी में 3.8% की बढ़त है। रिलायंस कम्युनिकेशंस में 2.4% और टाटा पावर 1.8% की कमजोरी है। 

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख