सेंसेक्स 296 अंक लुढ़का, निफ्टी 100 अंक नीचे
भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 296 अंकों की कमजोरी के साथ 9,110 पर रहा। निफ्टी 100 अंकों की गिरावट के साथ 2773 पर बंद हुआ। कमजोर वैश्विक संकेतों के मद्देनजर कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। नवंबर महीने के बेहतर औद्योगिक उत्पादन के आँकड़े भी शेयर बाजार को उत्साह नहीं दे सके और इसकी गिरावट कायम रही। आज जारी किये गये आँकड़े के अनुसार नवंबर 2008 में औद्योगिक उत्पादन की विकास दर 2.4% रही है। इससे पहले अक्टूबर 2008 के लिए यह -0.4% रही थी। सत्यम कंप्यूटर्स के स्थान पर सेंसेक्स में शामिल किये गये सन फार्मा के शेयर आज बढ़त पर बंद हुआ। सन फार्मा का शेयर भाव 2% की उछाल के साथ 1122.80 रुपये पर रहा। दूसरी ओर, सेंसेक्स से बाहर किये सत्यम कंप्यूटर्स का शेयर भी आज 44% की उछाल के साथ 34.40 रुपये पर बंद हुआ।
विश्व बैंक द्वारा विप्रो टेक्नालॉजीज को प्रतिबंधित करने की खबर के बाद शेयर बाजारों में कंपनी के शेयर भाव में गिरावट का रुख है। बीएसई में आज के कारोबार में 220 रुपये का निचला स्तर छूने के बाद दोपहर 12.05 बजे विप्रो का शेयर भाव 9.6% की कमजोरी के साथ 226.60 रुपये पर था। विश्व बैंक ने कहा है कि बैंक के कर्मचारियों को गलत फायदे पहुँचाने के आरोप में विप्रो को चार साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।
राजीव रंजन झा