शेयर मंथन में खोजें

निफ्टी (Nifty) के लिए अगली चाल चुनने का समय करीब

राजीव रंजन झा : हाल में 11 दिसंबर को 5965 के ऊपरी स्तर को छूने के बाद से निफ्टी (Nifty) एक दिलचस्प ढंग से चल रहा है।

ऊपर की ओर इसे मिलने वाली बाधा का स्तर नीचे आता जा रहा है। पहले 5965, फिर करीब 5940, अब 5930 पर ही। दूसरी ओर नीचे मिलने वाले सहारे का स्तर ऊपर उठता जा रहा है। अगर 18 दिसंबर से अब तक की चाल देखें तो पहले निफ्टी 5823 तक फिसला, उसके बाद 5842 पर सहारा लेने में सफल रहा, और उसके बाद से इसने पिछले दिन की तलहटी तोड़ी नहीं है।
इस तरह की चाल का मतलब क्या है? यह अगली दिशा तय नहीं कर पाने का असमंजस है। लेकिन यह असमंजस अब शायद ज्यादा समय तक नहीं चल सकता। अगले कुछ दिनों के अंदर इसे तय कर लेना होगा कि कम-से-कम छोटी अवधि में इसे फिसलना है या चढ़ना है। दिलचस्प यह है कि कल गुरुवार को निफ्टी ने जो कारोबारी दायरा बनाया, उसका ऊपर या नीचे टूटना ही अगली चाल के बारे में एक अच्छा संकेत हो सकता है।
कल निफ्टी ने सुबह 5930 का स्तर छुआ। मोटे तौर पर 5965, 5942 और 5930 को मिलाने पर एक रुझान रेखा बन जाती है। इसके ऊपर नीचे जाने पर छोटी अवधि का रुझान सकारात्मक होगा। नीचे की ओर कल इसने 5865 का स्तर छुआ। पिछले कुछ सत्रों के निचले स्तरों को मिलायें तो इससे भी एक रुझान रेखा बन जाती है और कल का निचला स्तर इसी रेखा को छू रहा है।
इसलिए ऊपर 5930 पार हो तो बाजार के चढ़ने का रास्ता खुलेगा, जबकि इसके विपरीत 5865 कटने पर कुछ और गिरावट स्वाभाविक होगी। हालाँकि 5850 पर भी सहारा दिखता है, लेकिन उसके नीचे जाने पर लगभग 5800 और फिर 5750 अगले पड़ाव बन सकते हैं। लेकिन आज के कारोबार में ऊपर की ओर अगर निफ्टी 5880 भी पार करने लगे तो वापस 5900 का स्तर छू लेने और इसके पार होने पर 5930 का स्तर आने की संभावना बनेगी।
अभी बेहद छोटी अवधि के लिए जिस संरचना पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए, वह 5548 से 5965 तक की उछाल की वापसी है। कल मैंने जिक्र किया था कि निफ्टी 5965 से नीचे पलटने के बाद अपनी इस ताजा उछाल की 38.2% वापसी के स्तर 5806 तक भी नहीं लौटा। कल निफ्टी इस उछाल की 23.6% वापसी के स्तर 5867 के पास तक ही गया। इसलिए अगर आज यह वापस सँभलता दिखे तो इसका मतलब यही होगा कि इसे वापस 5965 की ओर बढ़ना है। लेकिन आज या अगले कुछ दिनों में 5867 टूटने पर वापस 5806 के निचले सहारे पर नजर टिक जायेगी। अगर 5806 टूटा तो इस संरचना में 5756 पर 50% वापसी का स्तर है।
तो इन सारी बातों का मतलब क्या है? यही कि 5865 के नीचे जाने पर आज कमजोरी दिखेगी, 5880 के ऊपर लौटने पर 5900 तक चढ़ने की और उससे आगे जाने पर 5930, 5965 तक की उम्मीद बनेगी। लेकिन छोटी अवधि की चाल मोटे तौर पर 5800 के नीचे या 5965 के ऊपर जाने पर तय होगी। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 28 दिसंबर 2012)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"