एशियाई शेयर बाजार लाल निशान पर बंद
मंगलवार को प्रमुख एशियाई शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए हैं। आज के कारोबार में जापान के निक्केई सूचकांक में 1.35% की कमजोरी आयी, जबकि ताइवान के ताइवान वेटेड सूचकांक में 2.17% की गिरावट दर्ज की गयी। हैंग सेंग में 3.79%, स्ट्रेट्स टाइम्स में 2.55%, कॉस्पी कंपोजिट में 4.11% और शंघाई कंपोजिट में 2.93% की कमजोरी आयी।
जीएमआर होल्डिंग्स कंपनी ने जीएमआर इन्फ्रा के शेयरों की खरीद खुले बाजार से की है। बीएसई को सूचित करते हुए जीएमआर इन्फ्रा ने बताया है कि जीएमआर होल्डिंग कंपनी ने 10,11 और 12 फरवरी 2009 को खुले बाजार से कंपनी के कुल 6,30,000 शेयरों की खरीद की है। इस खरीदे के साथ ही कंपनी में जीएमआर होल्डिंग्स कंपनी की हिस्सेदारी 74.19% हो गयी है।
हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) को हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन की ओर से कशांग हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर परियोजना के लिये ठेका मिला है। एचसीसी ने बीएसई को भेजी गयी एक विज्ञप्ति में सूचित किया है कि एचपीपीसी की ओर से एचसीसी को 296.90 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है। इस खबर का सकारात्मक असर कंपनी के शेयर भाव पर नहीं दिख रहा है।