शेयर मंथन में खोजें

2022 में 4.02 लाख आवास (Houses) बन कर हुए तैयार

कोरोना महामारी के बाद देश के रियल एस्टेट सेक्टर से अच्छी खबर आयी है। देश के सात बड़े शहरों - मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-एनसीआर, बेंगलूरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे और कोलकाता में साल 2022 में रियल एस्टेट कंपनियों ने चार लाख से भी ज्यादा आवासों का निर्माण कार्य पूरा किया।

यह जानकारी संपत्ति सलाहकार फर्म एनारॉक के आँकड़ों से मिली है। एनारॉक ने बताया है कि यह 2017 से अब तक का सर्वोच्च स्तर है। वर्ष 2022 में न सिर्फ मकानों के निर्माण में तेजी देखने को मिली, बल्कि रियल एस्टेट कंपनियों की ओर से नयी परियोजनाओं के आरंभ (प्रोजेक्ट लॉन्च) और बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर रही है।
साल 2022 में जहाँ 4.02 लाख आवास बन कर तैयार हुए, वहीं 2021 में 2.79 लाख आवास बने थे। इस तरह बीते साल इसमें 44% की वृद्धि हुई है। बीते वर्ष सबसे ज्यादा एमएमआर में 1.26 लाख इकाइयाँ बन कर तैयार हुईं, जो 2021 के मुकाबले 80% अधिक हैं, जब 70,500 इकाइयाँ बन पायी थीं।
दिल्ली-एनसीआर में बीते साल भी लगभग उतने ही मकानों का निर्माण पूरा हुआ, जितना 2021 में हुआ था। इस साल यहाँ 86,300 आवास पूरे हुए, जबकि 2021 में 86,590 आवास बने थे। पुणे में 2021 में 46,080 इकाइयों के मुकाबले बीते साल 84,200 इकाइयाँ बन कर तैयार हुईं। बेंगलूरु, हैदराबाद और चेन्नई में समग्र रूप से 2021 की 63,870 इकाइयों के मुकाबले 81,570 इकाइयाँ बनीं। कोलकाता में 2022 में 23,190 मकान बन कर तैयार हुए, जबकि 2021 में 11,620 मकान बने थे।
एनारॉक ग्रुप के चेयरमैन अनुज पुरी के अनुसार, 'भारतीय आवास क्षेत्र के लिए 2022 महत्वपूर्ण साल साबित हुआ, जब बिक्री ने 2014 का स्तर तोड़ कर नया कीर्तिमान बनाया। इस तरह की उच्च माँग के बीच डेवलपरों का ध्यान पहले से चल रही परियोजनाओं को पूरा करने पर रहा।' पुरी बताते हैं कि देश के शीर्ष सात शहरों में इस साल 5.44 लाख मकानों के निर्माण पूरे होने की संभावना है।
पुरी का कहना है कि 'कोरोना महामारी दोबारा उभरने पर भी इस साल निर्माण कार्यों की गति कम-से-कम प्रभावित होगी। इसलिए 2023 में अधिकांश निर्माण तय समय पर पूरे हो सकते हैं।' एनारॉक रिपोर्ट के अनुसार यह साल दिल्ली-एनसीआर का हो सकता है, जहाँ सर्वाधिक 1,66,850 मकानों का निर्माण होने की संभावना है। इसके अलावा एमएमआर में 1.33 लाख आवास बन कर तैयार हो सकते हैं। (शेयर मंथन, 16 जनवरी 2023)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख