डॉव चढ़ा, एशियाई शेयर बाजार मिले-जुले
अमेरिकी अर्थजगत में मिली-जुली खबरें आने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में चले उतार-चढ़ाव के क्रम के बाद आखिरकार डॉव जोंस में 59 अंकों की बढ़त दर्ज की गयी। आज बुधवार की सुबह एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख दिख रहा है। कांफ्रेंस बोर्ड द्वारा जारी की गयी रिपोर्ट के अनुसार कंज्यूमर कान्फिडेंस सूचकांक दिसंबर के 38.6 से लुढ़क कर जनवरी महीने में 37.7 तक चला गया।
सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज की 26 और 27 जनवरी को चली दो दिनों की बैठकों के बाद भी कंपनी के नये सीईओ और सीएफओ की नियुक्तियों पर फैसला नहीं हो सका है। हालाँकि सत्यम के निदेशक बोर्ड ने आज गोल्डमैन सैक्स और एवेंडस को विभिन्न रणनीतिक विकल्पों की तलाश करने के लिए निवेश बैंकर नियुक्त करने का ऐलान किया। कंपनी ने इन्हें रणनीतिक निवेशक की तलाश करने, इच्छुक निवेशकों से आशय-पत्र (एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट) हासिल करने और इस प्रक्रिया के बारे में उचित पारदर्शी तरीका अपनाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी कारों के विभिन्न मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। कंपनी द्वारा नवंबर 2008 में लांच की गयी ए-स्टार के सभी वैरिएंट की कीमत में 10,000 रुपये की वृद्धि की गयी है। स्विफ्ट डिजायर के सभी वैरिएंट की कीमत 6,000 रुपये बढ़ायी गयी है, जबकि एसएक्सफोर सेडान के सभी वैरिएंट अब 9,000 रुपये महँगे हो जायेंगे। इसके अलावा स्विफ्ट पेट्रोल एलएक्सआई, स्विफ्ट वीएक्सआई और स्विफ्ट जेडएक्सआई की कीमतें भी बढ़ायी गयी हैं। ये सारी कीमतें दिल्ली के बाजार के हिसाब से दी गयी हैं। कीमतों में बढ़ोतरी का यह फैसला आज यानी मंगलवार से ही लागू हो गया है। ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि मारुति 800, ओम्नी, आल्टो, वैगनॉर, जेन ऑस्टिलो, जिप्सी, वर्सा और ग्रैंड विटारा की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।