नतीजों के अनुमान मौजूदा बाजार भावों में शामिल
विप्रो के फीके नतीजों के बाद इसके शेयर भाव में गिरावट आयी है। हालाँकि कई विश्लेषकों का मानना है कि शेयर भाव में गिरावट के लिए इन नतीजों के बदले बाजार की मौजूदा स्थितियाँ ज्यादा जिम्मेदार हैं। वहीं बायोकॉन के नतीजों के बाद इसके शेयर भाव में करीब 2% की बढ़त दिख रही है। वेंचुरा सिक्योरिटीज के रिसर्च प्रमुख पशुपति सुब्रमण्यम का मानना है कि इन नतीजों के अनुमान मौजूदा बाजार भावों में पहले से ही झलक रहे हैं और इसलिए गिरावट का कारण ये नतीजे नहीं हैं।
मेतास इन्फ्रा के शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी है और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में भी इसने लोअर सर्किट छू लिया है। इस तरह यह अब तक लगातार दस कारोबारी सत्रों में लोअर सर्किट छू चुका है। बीएसई में आज बुधवार के कारोबार में मेतास इन्फ्रा के शेयर का भाव करीब 5% गिर कर 100.40 रुपये तक चला गया। मेतास इन्फ्रा के शेयरों के लोअर सर्किट छूने का यह सिलसिला 7 जनवरी 2009 से शुरू हुआ था, जो अब तक नहीं रुका है।