शेयर मंथन में खोजें

साल के अंतिम दिन चढ़ा सेंसेक्स (Sensex), पर 2015 में 5% फिसला

शेयर बाजार के लिए साल 2015 कमजोर साबित हुआ है, हालाँकि साल के अंतिम दिन गुरुवार 31 दिसंबर 2015 को यह मजबूती के साथ बंद हुआ।

आज बीएसई का सेंसेक्स (Sensex) 26,117.54 पर बंद हुआ और इसमें पिछले दिन से 157.51 अंक या 0.61% की बढ़त दर्ज हुई। आज सुबह बाजार हल्की बढ़त के साथ खुलने के बाद कुछ देर के लिए लाल निशान में भी गया, पर जल्दी ही हरे निशान में लौट आया। इसके बाद यह दोपहर तक एक छोटे दायरे में 25,950-26,000 के बीच घूमता रहा। दोपहर बाद, खास कर आखिरी घंटे में इसने तेजी दिखायी और 26,147.63 के ऊपरी स्तर तक चढ़ा। अंत में यह दिन के ऊपरी स्तर के पास ही बंद हुआ।
बीएसई के 30 दिग्गज शेयरों वाले सूचकांक सेंसेक्स में साल भर में 5% की गिरावट आयी है। साल 2014 के अंत में यह 27,499 पर था। इस साल सेंसेक्स सितंबर और दिसंबर में 25,000 के नीचे भी फिसला था। दिसंबर के अंत में यह 26,000 के थोड़ा ऊपर-नीचे घूमता दिखा और अंत में आज इसके कुछ ऊपर 26,118 पर बंद हुआ।
एनएसई के 50 प्रमुख शेयरों की चाल दर्शाने वाले प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 साल 2015 के अंतिम दिन 7,946 पर बंद हुआ। आज यह 50.10 अंक या 0.63% की मजबूती हासिल करने में सफल रहा। सुबह के शुरुआती कारोबार में यह 7,900 के आसपास घूमता रहा और दोपहर तक 7,920 के नीचे-नीचे ही चलता रहा। आखिरी घंटे में यह 7,955.55 तक चढ़ा और उसके पास ही बंद हुआ। इसने साल 2015 के दौरान 337 अंक या 4.1% की गिरावट दर्ज की। निफ्टी 31 दिसंबर 2014 को 8,283 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के 30 दिग्गज शेयरों में से आज 20 शेयरों में मजबूती रही। सबसे ज्यादा तेजी एचडीएफसी, गेल, कोल इंडिया, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और सन फार्मा में दिखी। दूसरी ओर ऐक्सिस बैंक, एलऐंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, हीरो मोटोकॉर्प और डॉ. रेड्डीज लाल निशान में रहे।
आज के कारोबार में छोटे-मँझोले शेयरों के सूचकांक भी बढ़त दर्ज करने में सफल रहे। बीएसई मिडकैप 0.35% चढ़ा, जबकि बीएसई स्मॉलकैप में 0.49% की मजबूती दिखी। एनएसई में निफ्टी मिडकैप 100 ने 0.23% और निफ्टी स्मॉल 100 ने 0.99% की मजबूती हासिल की।
पूरे साल के दौरान भले ही सेंसेक्स और निफ्टी 50 जैसे दिग्गज सूचकांकों ने कमजोरी दिखायी हो, मगर छोटे-मँझोले सूचकांक ऊपर चढ़े। बीएसई मिडकैप साल 2014 के अंत में 10,372.58 पर था, जो आज 11,143.08 पर बंद हुआ। इस तरह बीएसई मिडकैप में साल 2015 के दौरान 7.43% की बढ़त दर्ज हुई। बीएसई स्मॉलकैप भी बीते साल के दौरान 6.76% की बढ़त के साथ 11,087.07 से चढ़ कर 11,836.71 पर पहुँचा। (शेयर मंथन, 31 दिसंबर 2015)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख