शेयर मंथन में खोजें

आज बाजार सपाट या फिर नीचे

पशुपति सुब्रह्मण्यम, रिसर्च प्रमुख, वेंचुरा सिक्योरिटीज

मेरे विचार में आज भारतीय शेयर बाजारों के सपाट या फिर नीचे रहने की संभावना है। इसके पीछे एक प्रमुख कारण यह है कि छोटी अवधि के लिए बाजार की धारणा बिल्कुल नकारात्मक हो चुकी है।
सामान्य कारोबारी दिनों में हम मोटे तौर पर 50-55 हजार करोड़ रुपये का कारोबार देखते हैं, लेकिन आज कारोबार की मात्रा 20-25% कम हो सकती है। यह बात केवल आज के लिए ही नहीं है, बल्कि इक्विटी के क्षेत्र में दिसंबर के महीने में शायद ही कारोबार की अच्छी मात्रा दिखायी पड़े। सेटलमेंट के दिन भी कारोबार की कोई खास मात्रा नहीं दिखी थी।

भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट

2.43: भारतीय शेयर बाजार गिरावट की चपेट में आ गये हैं। इस समय सेंसेक्स 162 अंकों की कमजोरी के साथ 8,931 पर है, जबकि निफ्टी 46 अंक नीचे 2,709 पर है। बीएसई धातु सूचकांक को छोड़ कर बाकी सभी क्षेत्रीय सूचकांक लाल निशान में चल रहे हैं। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑटो सूचकांक लगभग 4% नीचे चल रहे हैं। मारुति सुजुकी में 8.06%, आईसीआईसीआई बैंक में 5.56%, विप्रो में 5.24% और बीएचईएल में 5.09% की गिरावट है। डीएलएफ और आईटीसी भी करीब 4% कमजोरी पर हैं। रिलायंस इन्फ्रा, टाटा पावर और महिंद्रा एंड महिंद्रा में लगभग 3.5% की गिरावट है। लेकिन ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 2% की मजबूती है।

डॉव मजबूत, एशिया में लाली

शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन डॉव जोंस की मजबूती जारी रही और इस तरह 21 नवंबर को मजबूती का दौर शुरू होने के बाद से यह अब तक करीब 17% की बढ़त हासिल कर चुका है। हालांकि शुक्रवार को डॉव जोंस में 102 अंकों की मजबूती रही, लेकिन सप्ताह के इस आखिरी कारोबारी सत्र में कारोबार की काफी कम मात्रा देखी गयी। विश्लेषक मानते हैं कि हालांकि बाजारों में कुछ हद तक विश्वास की बहाली अवश्य हुई है, लेकिन अभी भी निवेशकों को रक्षात्मक खरीदारी पर अधिक जोर देना चाहिए। जानकारों का मानना है कि इस हफ्ते जारी होने वाली कई रिपोर्टों के बाद बाजार के आत्मविश्वास का सही-सही अंदाजा लगाया जा सकेगा। एक ओर श्रम विभाग द्वारा रोजगार रिपोर्ट प्रस्तुत की जायेगी, वहीं उपभोक्ताओं के खर्च और मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र के आंकड़े भी जारी किये जाने वाले हैं। शुक्रवार को नाइमेक्स में कच्चे तेल का भाव 0.01 डॉलर गिर कर 54.43 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। आज सुबह 8 बजे एशियाई बाजारों में लाली छायी हुई है, हालांकि ताइवान वेटेड में हल्की मजबूती है।

मजबूती के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाजार

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए आतंकी हमलों का करारा जवाब देते हुए शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त दर्ज करने के बाद बंद हुए। हमलों के मद्देनजर एक दिन बंद रहने के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को दिन भर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और आखिरकार बाजार बुधवार के बंद स्तर की तुलना में मजबूती दर्ज करने में सफल रहे। लगभग 270  अंकों के दायरे में कारोबार करने के बाद बीएसई सेंसेक्स 66 अंक यानी 0.73%  की बढ़त के साथ 9,093 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी सूचकांक 3 अंक यानी 0.10% की मजबूती के साथ 2755 पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार हरे निशान में बंद

सप्ताह के आखिरी  कारोबारी दिन शुक्रवार को प्रमुख एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती का रुख रहा, हालांकि चीन के शंघाई कंपोजिट सूचकांक में 2.44% की गिरावट दर्ज की गयी। जापान का निक्केई 1.66%  की मजबूती दर्ज करने के बाद बंद हुआ। जहां हांगकांग के हैंग सेंग सूचकांक में 2.48% की मजबूती रही, वहीं दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार का सूचकांक कॉस्पी 1.18% चढ़ने के बाद बंद हुआ। सिंगापुर के स्ट्रेट टाइम्स सूचकांक में 1%  की मजबूती दर्ज की गयी।  जकार्ता कंपोजिट में 3.28% की बढ़त देखी गयी। ताइवान वेटेड सूचकांक लगभग सपाट बंद हुआ।

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"