निफ्टी के लिए 2,750-60 पर कड़ी बाधा
एम बी सिंह, सीईओ, टेक्निकल ट्रेडर्स ऑफ इंडिया
आज भारतीय शेयर बाजारों में सुबह का कारोबार ठीक रहने की संभावना है। निफ्टी के लिए ऊपर की ओर 2,750-60 के आसपास एक कड़ी बाधा है। सुबह के बाद के कारोबार में शेयर बाजारों के नीचे आने की संभावना है। मेरे विचार में दिग्गज शेयरों पर काफी दबाव है। आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के नतीजे बाजारों के बंद रहने के दौरान आये हैं। इनमें से आईसीआईसीआई बैंक का शेयर कमजोर है। इसे इस समय बाजार में मौजूद कमजोर शेयरों में से एक कहा जा सकता है। टूटने की स्थिति में यह 300 या उसके नीचे भी जा सकता है। भारतीय स्टेट बैंक के शेयर के लिए 1,000 के स्तर पर मजबूत समर्थन दिख रहा है। लेकिन यदि इस शेयर में इस स्तर के नीचे निर्णायक तरीके से कारोबार हो, तो यह नीचे की ओर 850 के स्तर तक भी जा सकता है।
राजीव रंजन झा
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने अब औपचारिक रूप से यह साफ कर दिया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था धीमी पड़ती जा रही है। आरबीआई ने अंतरराष्ट्रीय स्थितियों को इसका प्रमुख कारण माना है। इसने मौद्रिक नीतियों की तिमाही समीक्षा से पहले जारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मजबूत बढ़त दिखाने के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था 2008-09 की दूसरी तिमाही में धीमी पड़ी है। हालाँकि कृषि क्षेत्र की स्थिति ठीक लग रही है, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र की विकास दर में तीखी कमी आयी है। साथ ही सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) भी धीमा पड़ रहा है।
आईसीआईसीआई बैंक ने अक्टूबर-दिसंबर की तीसरी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की है, हालाँकि इसका स्टैंडअलोन मुनाफा लगभग सपाट रहा है। देश के सबसे बड़े निजी बैंक का तिमाही कंसोलिडेटेड मुनाफा अक्टूबर-दिसंबर 2007 के 1,119.82 करोड़ रुपये से बढ़ कर अक्टूबर-दिसंबर 2008 में 1,559.76 करोड़ रुपये रहा। इसमें 39.29% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। कुल कंसोलिडेटेड तिमाही आय 15,653 करोड़ रुपये की तुलना में 8.11% बढ़ कर 16,923 करोड़ रुपये पर पहुँची।