शेयर मंथन में खोजें

बाजार में हरियाली लौटी, सेंसेक्स (Sensex) 216 अंक चढ़ा

लगातार छह सत्रों तक गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में हरियाली लौटी। सुबह हल्की बढ़त के साथ खुलने के बाद बाजार एक छोटे दायरे में ही हरे निशान में चलता रहा। दोपहर के बाद बाजार की मजबूती बढ़ती दिखी और यह दिन के ऊपरी स्तरों के पास ही बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स (Sensex) 216.27 अंक या 0.86% की बढ़त के साथ 25,252.32 पर बंद हुआ। इससे पहले लगातार छह सत्रों की गिरावट के बाद बुधवार को सेंसेक्स 25,000 के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर के एकदम करीब आ गया था। आज एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) 70.80 अंक या 0.93% की मजबूती हासिल कर 7,683.30 पर बंद हुआ।
आज के कारोबार की महत्वपूर्ण बात यह रही कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी और यहाँ घरेलू बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली के बावजूद सूचकांकों ने तेज रुझान दिखाया। आज एफआईआई ने 580 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। दूसरी ओर घरेलू वित्तीय संस्थाओं (DII) ने आज 411 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। इस बीच संसद में राजनीतिक गतिरोध बढ़ने से जीएसटी विधेयक शीतकालीन सत्र में पारित होने को लेकर भी असमंजस पैदा हो गया है।
छोटे-मँझोले शेयरों के सूचकांक भी तेजी में नजर आये। बीएसई मिडकैप 0.90% चढ़ा, जबकि बीएसई स्मॉलकैप 1.24% ऊपर बंद हुआ। एनएसई में भी निफ्टी मिडकैप 100 ने 0.88% और निफ्टी स्मॉल 100 ने 1.44% की मजबूती दर्ज की।
सेंसेक्स और निफ्टी जैसे प्रमुख सूचकांकों की आज की तेजी में दिग्गज शेयर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सबसे अहम योगदान किया। रिलायंस का शेयर भाव 3.71% उछला। सेंसेक्स के अन्य शेयरों में हिंडाल्को, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचडीएफसी और बजाज ऑटो 2-3% तक मजबूत हुए। दूसरी ओर महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, ल्युपिन, टाटा मोटर्स, एसबीआई, बीएचईएल और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे शेयरों में कमजोरी नजर आयी। (शेयर मंथन, 10 दिसंबर 2015)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख