शेयर मंथन में खोजें

News

सेबी ने राजू को समन जारी किया

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने सत्यम कंप्यूटर्स के पूर्व चेयरमैन रामलिंग राजू को समन जारी किया है। इस समन में उन्हें आज शाम 4.30 बजे सत्यम कंप्यूटर्स के कॉरपोरेट ऑफिस में सेबी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। कई हजार करोड़ के कॉरपोरेट जालसाजी के आरोप में उन्हें यह समन जारी किया गया है। गौरतलब है कि गुरुवार को सेबी और रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के विशेष दलों ने सत्यम कंप्यूटर्स के हैदराबाद स्थित कार्यालयों में छानबीन शुरू कर दी थी। इन जाँच दलों ने कल ही सत्यम कंप्यूटर्स के सिकंदराबाद स्थित कार्यालय की छानबीन की थी और कंपनी के लेखा विवरणों और रिकॉर्डों को सीज कर दिया था। 

भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद

भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 181 अंकों की कमजोरी के साथ 9,406 पर रहा। निफ्टी 47 अंकों की गिरावट के साथ 2,873 पर बंद हुआ। सत्यम कंप्यूटर्स में हुए घोटालें से आहत और साथ ही साथ कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले थे। महंगाई दर में आयी गिरावट की खबर का भी असर बाजार पर सकारात्मक नहीं दिखा। महँगाई दर 27 दिसंबर 2008 को खत्म हुए हफ्ते में यह घट कर 5.91% रह गयी है। गिरावट कभी घटती, तो कभी बढ़ जाती थी। कारोबारी हफ्ते के आखिर दिन बीएसई सेंसेक्स 1.88% की कमजोरी के साथ बंद हुआ। सत्यम कंप्यूटर्स का शेयर आज के कारोबार में 11.50 रुपये का निचला स्तर छूने के बाद 40.3% की गिरावट के साथ 23.85 पर बंद हुआ।  

एशियाई बाजारों में रही गिरावट

हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार के कारोबार में प्रमुख एशियाई शेयर बाजार कमजोरी दर्ज करने के बाद बंद हुए। दक्षिण कोरिया के कॉस्पी सूचकांक में 2% की गिरावट आयी, जबकि सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स सूचकांक 1.18% नुकसान के बाद बंद हुआ। ताइवान वेटेड में 0.73%, निक्केई में 0.45% और हैंग सेंग में 0.27% की कमजोरी आयी। प्रमुख एशियाई बाजारों की चाल से विपरीत रुख दिखाते हुए चीन का शंघाई कंपोजिट 1.42% चढ़ने के बाद बंद हुआ।

धातु सूचकांक में 6.9% की कमजोरी

बीएसई के धातु सूचकांक में गिरावट का रुख है। दोपहर 2.49 बजे इस क्षेत्र में 6.93% की कमजोरी है। इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा गिरावट हिंदुस्तान जिंक के शेयरों में है, जो 9.56% की कमजोरी के साथ 380.00 पर है। वेलस्पन गुजरात में 9.4%, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज में 9%, सेल में 8% और टाटा स्टील में 7% की गिरावट है।

एयरलाइन शेयरों में गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में एयरलाइन शेयरों में गिरावट का रुख है। बीएसई में दोपहर 2 बजे जेट एयरवेज में 8.56%, स्पाइसजेट में 6.83% और किंगफिशर एयरलाइन्स में 4.9% की कमजोरी है, जबकि सेंसेक्स 1.6% की गिरावट पर था। सरकारी क्षेत्र की तेल कंपनियों के अधिकारियों की हड़ताल अभी भी जारी है, जिसकी वजह से हवाई जहाजों में भरे जाने वाले एटीएफ की कमी की आशंका पैदा होने लगी है। 

सिंप्लेक्स प्रोजेक्ट्स को ठेका मिला, शेयरों में बढ़त

सिंप्लेक्स प्रोजेक्ट्स को लिबिया सरकार से 5.3 करोड़ लिबियन दिनार का ठेका हासिल हुआ है। कंपनी ने बीएसई को सूचित किया है कि कंपनी को लिबिया सरकार ने यह ठेका लिबिया में हाउसिंग यूनिट, सर्विस बिल्डिंग तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाओं का क्रियान्वयन करने के लिए दिया है।

Page 4186 of 4253

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"