एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें टीसीएस (TCS) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होंने 5 साल पहले 3300 रुपये के आसपास खरीदे हैं और अब तक कीमत में खास बढ़त नहीं दिखी है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि आईटी सेक्टर पिछले कुछ वर्षों से साइडवे से लेकर करेक्शन फेज़ में रहा है। टेक्निकल चार्ट के मुताबिक टीसीएस ने पिछले हाई से गिरकर अब एक लोअर हाई पैटर्न बनाया है, यानी हर उछाल पहले से कमजोर रहा है। हालिया सपोर्ट जोन करीब 2860-2870 रुपये के आसपास माना जा रहा है। अगर यह स्तर टूटता है, तो अगला बड़ा सपोर्ट 2750 रुपये के करीब दिखता है। 2750 रुपयेके नीचे जाने पर कमजोरी और बढ़ सकती है और निवेशकों का भरोसा भी हिल सकता है।
लंबे टाइमफ्रेम (मंथली चार्ट) पर देखें तो 3350 रुपये के ऊपर निकलने तक टीसीएस में मजबूत ट्रेंड रिवर्सल के संकेत नहीं बनते। ऊपर की तरफ तब तक बड़ी तेजी की उम्मीद कम है, जबकि नीचे की ओर अगर 2750 रुपये टूटता है तो गिरावट गहरी हो सकती है। पिछले बड़े अपसाइकल के हिसाब से 50% रिट्रेसमेंट भी लगभग 2750-2780 रुपये के आसपास बैठता है, और इससे नीचे जाने पर 62% रिट्रेसमेंट की थ्योरी के मुताबिक और कमजोरी का जोखिम बनता है।
ऐसे में रणनीति यह हो सकती है कि अगर आप लॉन्ग टर्म निवेशक हैं और कंपनी के फंडामेंटल्स पर भरोसा है, तो सपोर्ट लेवल्स पर सख्त नजर रखें। 2750 रुपये को एक क्रिटिकल लेवल मान सकते हैं। इसके नीचे क्लोजिंग आने लगे तो जोखिम बढ़ जाता है और पोर्टफोलियो रि-बैलेंस या आंशिक एग्ज़िट पर विचार किया जा सकता है। वहीं, 3350 रुपये के ऊपर टिकाव मिलने पर ट्रेंड में सुधार के संकेत मिलेंगे। क्या करना है- होल्ड करना या निकलना, यह आपके जोखिम लेने की क्षमता, निवेश अवधि और पोर्टफोलियो डाइवर्सिफिकेशन पर निर्भर करता है। जरूरत लगे तो किसी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार से सलाह लेना समझदारी होगी।
(शेयर मंथन, 13 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)