भारतीय शेयर बाजार में आज गुरुवार को दोपहर तक एक दायरे के अंदर उतार-चढ़ाव दिखा, मगर दोपहर के बाद इसने अच्छी तेजी दिखायी।
फेडरल रिजर्व ने बुधवार को अपनी ब्याज दर में बढ़ोतरी का फैसला किया था, जिसके बाद अमेरिकी और बाजारों में सकारात्मक रुख दिखा था। इन सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय बाजार ने शुरुआत तो हरे निशान में की, मगर सुबह के ऊपरी स्तरों पर यह टिक नहीं पाया और दोपहर तक एक छोटे दायरे में हरे और लाल निशान में झूलने लगा। दोपहर के बाद बाजार ने तेजी की चाल पकड़ ली और इसके प्रमुख सूचकांक दिन के ऊपरी स्तरों के पास ही बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स (Sensex) 309.41 अंक या 1.21% की उछाल के साथ 25,803.78 पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 93.45 अंक या 1.21% की मजबूती के साथ 7,844.35 पर बंद हुआ। इसके साथ ही अब निफ्टी एक बार फिर 7,800 के ऊपर लौट आया है। सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार चौथी बढ़त दर्ज हुई है।
फेडरल रिजर्व के फैसले के बाद विश्व भर के तमाम बाजारों में एक राहत महसूस की गयी है। गुरुवार को अन्य एशियाई बाजारों के साथ-साथ यूरोपीय बाजारों ने भी मजबूती दिखायी। अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) ने लगभग एक दशक के बाद अपनी ब्याज दरों में 0.25% अंक की वृद्धि की है और यह संकेत दिया है कि उसकी मौद्रिक नीति में कसावट का चक्र 'धीरे-धीरे' बढ़ेगा।
इंडिया इन्फोलाइन के रिसर्च प्रमुख अमर अंबानी ने फेडरल रिजर्व के फैसले पर कहा, "बाजारों को इस बात से राहत महसूस हो रही है कि अमेरिकी ब्याज दरों में अगली बढ़ोतरी निकट भविष्य में होती नहीं दिख रही है। आम तौर पर अमेरिकी अर्थव्यवस्था की विकास दर (जीडीपी) साल की पहली तिमाही में कुछ कमजोर वृद्धि दर्ज करती है। इसका मतलब यह है कि फेडरल रिजर्व को अपनी ब्याज दर में पहली बढ़ोतरी के असर का आकलन करने में एक या दो तिमाहियों का समय लगेगा, जिसके बाद ही वह अपनी मौद्रिक नीति को सामान्य करने की दिशा में अगले कदम उठा सकेगा। मतलब यह है कि 2016 की पहली छमाही में इसकी ब्याज दर में वृद्धि नहीं होने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता।"
गुरुवार को भारतीय बाजार में छोटे-मँझोले शेयरों के सूचकांक भी जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। बीएसई मिडकैप 1.56% ऊपर बंद हुआ, जबकि बीएसई स्मॉलकैप में 1.72% की बढ़त दर्ज हुई। एनएसई के निफ्टी मिडकैप 100 में 1.74% और निफ्टी स्मॉल 100 में 1.87% की अच्छी मजबूती नजर आयी।
सेंसेक्स के 30 दिग्गज शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में रहे। इनमें सबसे ज्यादा तेजी टाटा स्टील, वेदांत, हिंडाल्को, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो और सन फार्मा में दिखी। दूसरी ओर ओएनजीसी, ऐक्सिस बैंक और गेल के शेयर दबाव में नजर आये। (शेयर मंथन, 17 दिसंबर 2015)
Add comment