सेंसेक्स 111 अंक लुढ़का, निफ्टी 23 अंक नीचे
भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 111 अंकों की कमजोरी के साथ 9,091 पर रहा। निफ्टी सूचकांक 23 अंकों की कमजोरी के साथ 2,780 पर बंद हुआ। मिलेजुले वैश्विक संकेतों के मद्देनजर भारतीय शेयर बाजार बढ़ के साथ खुले,लेकिन कुछ ही देर में बाजार में गिरावट आ गयी। महँगाई दर में गिरावट की खबर का भी शेयर बाजारों पर सकारात्मक असर नहीं पड़ा है। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महँगाई दर 24 जनवरी 2009 को खत्म हुए हफ्ते में घट कर 5.07% रह गयी है। 17 जनवरी 2009 को खत्म हफ्ते में यह 5.64% रही थी। आज बीएसई सेंसेक्स सूचकांक 1.21% की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
एसीसी के मुनाफे में 15% की गिरावट आयी है। कंपनी का मुनाफा कैलेंडर साल 2008 में 1212.78 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले कैलेंडर साल 2007 में यह 1438.58 करोड़ रुपये था। कैलेंडर साल 2008 में कंपनी को 7597.33 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि कैलेंडर साल 2007 में इसकी आय 7168.16 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी की बोर्ड मीटिंग में अंतिम लाभांश देने की भी घोषणा हुई है। कंपनी 10 रुपये मूल्य के शेयरों पर 10 रुपये की दर से अंतिम लाभांश देगी। इस तरह अब कुल लाभांश 20 रुपये प्रति शेयर हो गया है। कंपनी ने पहले भी 10 रुपये प्रति शेयर लाभांश देने की घोषणा की थी।
जेएसडब्लू स्टील में कच्चे इस्पात का उत्पादन बढ़ा। कंपनी ने बीएसई को सूचित किया है कि जनवरी 2009 में कंपनी का कच्चे इस्पात उत्पादन 3.21 लाख टन रहा, जो कि दिसंबर 2008 के उत्पादन से 41% अधिक है। दिसंबर 2008 में कच्चे इस्पात का उत्पादन 2.28 लाख टन रहा था। हालांकि जनवरी 2008 में कंपनी के कच्चे इस्पात का उत्पादन 3.30 लाख टन था।