नाल्को के लाभ में 33.3% की कमी
एल्यूमिनियम क्षेत्र की दिग्गज कंपनी नाल्को के लाभ में अक्टूबर-दिसंबर 2008 तिमाही में 33.3% की कमी आयी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज दोपहर 12.57 बजे कंपनी का शेयर भाव 2.8% की कमजोरी के साथ 186.15 रुपये पर है, हालाँकि आज के कारोबार में यह 181.65 रुपये के निचले स्तर तक चला गया था। कंपनी का लाभ अक्टूबर-दिसंबर 2008 की तिमाही में 219.46 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में कंपनी का लाभ 329.44 करोड़ रुपये था। मुनाफे में कमी के बावजूद कंपनी ने 35% अंतरिम लाभांश घोषित किया है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के आज के कारोबार में भी सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज के शेयर भाव में बढ़त का रुख है। दिन के कारोबार में एक समय 55.15 रुपये का ऊँचा स्तर छूने के बाद कंपनी का शेयर भाव सुबह 11.47 बजे करीब 10% की बढ़त के साथ 51.80 रुपये पर है। कल सत्यम के निदेशक बोर्ड ने गोल्डमैन सैक्स और एवेंडस को विभिन्न रणनीतिक विकल्पों की तलाश करने के लिए निवेश बैंकर नियुक्त करने का ऐलान किया था। कंपनी ने इन्हें रणनीतिक निवेशक की तलाश करने, इच्छुक निवेशकों से आशय-पत्र (एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट) हासिल करने और इस प्रक्रिया के बारे में उचित पारदर्शी तरीका अपनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही एलएंडटी की ओर से ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सत्यम में इसकी हिस्सेदारी और भी बढ़ सकती है।