ब्लू स्टार के लाभ में 9% की गिरावट
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स क्षेत्र की कंपनी ब्लू स्टार के लाभ में 9% की गिरावट आयी है। कंपनी का लाभ अक्टूबर-दिसंबर 2008 की तिमाही में 32.19 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में यह लाभ 35.44 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है। साल 2008 की दिसंबर तिमाही में कंपनी को 566.82 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में कंपनी की आय 514.99 करोड़ रुपये रही थी।


भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मौद्रिक नीति 2008-09 की तीसरी तिमाही की समीक्षा रिपोर्ट जारी कर दी है। आरबीआई ने रेपो दर, रिवर्स रेपो दर और सीआरआर में कोई बदलाव नहीं किया है। साल 2008-09 के लिए जीडीपी विकास दर के अनुमान को 7.5-8% से घटा कर 7% किया गया है। रिपोर्ट में महँगाई दर के मार्च के अंत तक घट कर 3% से कम हो जाने का अनुमान लगाया गया है। इससे पहले महँगाई दर के लिए 7% का अनुमान लगाया गया था। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा पिछले तीन महीनों में रेपो दर को 9% से घटा कर 5.5% पर ला दिया गया है, जबकि रिवर्स रेपो दर 6% से घटा कर 4% के स्तर पर ला दी गयी है। इस समय नकद आरक्षी अनुपात (सीआरआर) 5% है।
राजीव रंजन झा
आईसीआईसीआई बैंक ने अक्टूबर-दिसंबर की तीसरी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की है, हालाँकि इसका स्टैंडअलोन मुनाफा लगभग सपाट रहा है। देश के सबसे बड़े निजी बैंक का तिमाही कंसोलिडेटेड मुनाफा अक्टूबर-दिसंबर 2007 के 1,119.82 करोड़ रुपये से बढ़ कर अक्टूबर-दिसंबर 2008 में 1,559.76 करोड़ रुपये रहा। इसमें 39.29% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। कुल कंसोलिडेटेड तिमाही आय 15,653 करोड़ रुपये की तुलना में 8.11% बढ़ कर 16,923 करोड़ रुपये पर पहुँची।
देश के सबसे बड़े बैंक - भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने तीसरी तिमाही के शानदार कारोबारी नतीजे सामने रखे हैं। इसका कंसोलिडेटेड तिमाही मुनाफा अक्टूबर-दिसंबर 2008 के दौरान 3,607.61 करोड़ रुपये रहा, जो अक्टूबर-दिसंबर 2007 के 2,383.67 करोड़ रुपये से 51.35% ज्यादा है। इस दौरान बैंक की कुल आमदनी 24,381 करोड़ रुपये से बढ़ कर 30,318 करोड़ रुपये पर पहुँची। इसमें 24.35% का इजाफा हुआ।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने शनिवार को जानी-मानी ऑडिट फर्म प्राइस वाटरहाउस के दो ऑडिटरों को सत्यम घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गये दोनों ऑडिटरों, तलूरी श्रीनिवास और एस गोपालकृष्णन पर आपराधिक षडयंत्र और धोखाधड़ी के आरोप लगाये गये हैं। संभवतः देश में पहली बार ऐसे किसी मामले में किसी ऑडिटर की गिरफ्तारी हुई है। दोनों को हैदराबाद में आठवें अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 6 फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
भारती एयरटेल ने इस कारोबारी साल की तीसरी तिमाही, यानी अक्टूबर-दिसंबर 2008 के अच्छे कारोबारी नतीजे पेश कर अपने ऊपर ब्रोकिंग फर्मों का भरोसा कायम रखा है। इन नतीजों के बाद ज्यादातर ब्रोकिंग फर्मों ने अपनी रिपोर्ट में इन नतीजों को सराहा है। सेंट्रम ब्रोकिंग का कहना है कि ये नतीजे एक सकारात्मक आश्चर्य की तरह सामने आये हैं। एमके ग्लोबल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ये नतीजे मोटे तौर पर बाजार की उम्मीदों के मुताबिक रहे हैं।
