नागार्जुना कंस्ट्रक्शंस को 712 करोड़ रुपये के ठेके
नागार्जुना कंस्ट्रक्शंस (एनसीसी) को 712 करोड़ रुपये मूल्य के चार नये ठेके मिले हैं। कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को सूचित किया है कि इसे आंध्रप्रदेश के खम्मम स्थित सिंगरेनी कोलरीज की ओर से 360 करोड़ रुपये का ठेका मिला है, जिसके अंतर्गत कंपनी को 72 महीने में ब्लास्ट होल ड्रिलिंग, नियंत्रित ब्लास्टिंग और अन्य संबंधित काम पूरे करने हैं। नागार्जुना कंस्ट्रक्शंस को नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसीएल), नयी दिल्ली की ओर से 161 करोड़ रुपये का ठेका हासिल हुआ है, जिसे 12 महीनों में पूरा करना है।


राजीव रंजन झा
अंबुजा सीमेंट के मुनाफे में 21% की गिरावट आयी है। कंपनी का मुनाफा कैलेंडर साल 2008 में 1402 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले कैलेंडर साल 2007 में यह 1769 करोड़ रुपये था। कैलेंडर साल 2008 में कंपनी का सालाना कारोबार 6235 करोड़ रुपये का रहा, जबकि कैलेंडर साल 2007 में सालाना कारोबार 5631 करोड़ रुपये था। कंपनी ने 50% के अंतिम लाभांश की घोषणा भी की है। कंपनी के इक्विटी शेयरों पर 1 रुपये प्रति शेयर अंतिम लाभांश दिया जाएगा। इस तरह अब कुल लाभांश 110% हो गया है। कंपनी ने पहले भी 60% अंतरिम लाभांश देने की घोषणा की थी।
मेतास इन्फ्रा के शेयरों में गिरावट का सिलसिला थम नहीं रहा है और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में भी इसने लोअर सर्किट छू लिया है। इस तरह यह अब तक लगातार इक्कीस कारोबारी सत्रों में लोअर सर्किट छू चुका है। बीएसई में आज शुक्रवार के कारोबार में मेतास इन्फ्रा के शेयर का भाव करीब 5% गिर कर 57.35 रुपये तक चला गया। मेतास इन्फ्रा के शेयरों के लोअर सर्किट छूने का यह सिलसिला 7 जनवरी 2009 से शुरू हुआ था, जो लगातार अब तक चल रहा है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में सत्यम कंप्यूटर्स के शेयरों में बढ़त का रुख है। आज के कारोबार में कंपनी का शेयर भाव 49.40 रुपये का ऊँचा स्तर छूने के बाद दोपहर 12.06 बजे 4.7% की मजबूती के साथ 48.40 रुपये पर है। गौरतलब है कि कल शाम को सत्यम कंप्यूटर के नये सीईओ के तौर पर ए एस मूर्ति का नाम घोषित कर दिया गया। मूर्ति की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी है। सरकार द्वारा गठित निदेशक मंडल ने होमी खुसरोखान और पार्थो दत्ता को विशेष सलाहकार के तौर पर नियुक्त करने की भी घोषणा की है। एएस मूर्ति पिछले 15 वर्षो से सत्यम कंप्यूटर के साथ जुड़े हुए हैं।
