राहत योजना की आहट
राजीव रंजन झा
वित्त मंत्रालय की बागडोर संभालने के बाद कल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पहली महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक के बाद भले ही तुरंत कोई फैसला नहीं लिया गया, लेकिन यह उम्मीद की जा रही है कि जल्दी ही, शायद अगले हफ्ते की शुरुआत में ही सरकार की ओर से कुछ बड़े कदम उठाये जा सकते हैं। सूत्रों के हवाले से जो खबरें मीडिया ने छापी हैं, उनके मुताबिक बुनियादी ढाँचा क्षेत्र के लिए एक खास फंड बना कर 50,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध करायी जायेगी। निर्यातकों के लिए सस्ता कर्ज उपलब्ध कराया जायेगा, खास कर कपड़ा, हस्तशिल्प (हैंडीक्राफ्ट) और चमड़ा उत्पादों के निर्यातकों पर ज्यादा ध्यान रहेगा। इसी तरह सस्ते घरों के लिए कर्ज पर भी राहत दी जायेगी और संभवतः 10 लाख रुपये तक के घर कर्ज को ज्यादा सस्ता बनाया जायेगा।