शेयर मंथन में खोजें

निफ्टी 6000 पार करे, तभी टलेगा खतरा

राजीव रंजन झा : पिछले हफ्ते गुरुवार की तीखी गिरावट के बाद शुक्रवार को भारतीय बाजार ने कुछ थमने की कोशिश की। यह कोशिश इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि निफ्टी अभी मध्यम अवधि के समर्थन स्तरों के एकदम पास है। 
पिछले हफ्ते ही मैंने यह प्रश्न रखा था कि क्या निफ्टी 5950-6000 की बाधा को पार कर सकेगा। अगर यह ऐसा कर पाता तो बाजार की स्थिति कुछ बदलती नजर आती। लेकिन यह इसी बाधा से नीचे आ गया। आगे भी जब तक निफ्टी इस दायरे को पार नहीं कर पाता, तब तक बाजार का रुझान कमजोर ही होगा।
अगर इस हफ्ते निफ्टी 5900 के ऊपर लौट कर टिकने की प्रवृति दिखा सका तो यह बाजार के सँभलने का पहला संकेत होगा। लेकिन ज्यादा भरोसा तभी बँधेगा, जब यह 5950-6000 के दायरे को ठीक से पार कर सके। इस दायरे के बीच में ही 5970 के स्तर पर बीते हफ्ते और उससे पिछले हफ्ते भी बाधा मिली है। वहीं 5980 का स्तर छोटी अवधि के चार्ट के साथ-साथ और लंबी अवधि के चार्ट पर भी महत्वपूर्ण है। 
अगर हम यह मान लें कि बीते शुक्रवार को 5836 पर निफ्टी ने एक तलहटी बना ली है, तो सबसे पहले इसे हाल के शिखर 6112 से 5836 तक की गिरावट की 23.6% वापसी यानी 5901 को पार करके इसके ऊपर टिकना चाहिए। इसके बाद 6112-5836 की इस संरचना में 5941, 5974 और 6006 अगले लक्ष्य बनते हैं। अगर 6006 यानी 61.8% का स्तर भी पार हो सका, तो 6112 की ओर बढ़ने और उसे पार करने की उम्मीद बन सकेगी। 
लेकिन जब तक निफ्टी 6000 के ऊपर नहीं निकल पाता, तब तक यह अंदेशा बना रहेगा कि एक वापस उछाल के बाद यह फिर से नीचे का रास्ता पकड़ ले। वैसी हालत में 5800-5830 के दायरे पर खास नजर रखें। शुक्रवार 15 फरवरी को निफ्टी का निचला स्तर 5853 का था। बीते हफ्ते निफ्टी गुरुवार को यह निचला स्तर तोड़ कर 5844 तक फिसला और फिर शुक्रवार की सुबह इससे भी नीचे 5836 तक गिर गया। यहाँ गौरतलब है कि 5800-5830 के आसपास मध्यम अवधि के लिए अच्छा सहारा बनता है। नवंबर 2012 के निचले स्तर 5549 से जनवरी 2013 के शिखर 6112 की 50% वापसी का स्तर 5830 पर है। 
साथ ही दिसंबर 2012 का निचला स्तर 5823 भी इसके पास ही है। इसके अलावा 100 दिनों का सिंपल मूविंग एवरेज (एसएमए) भी अभी 5820 पर है। अगर निफ्टी का साप्ताहिक चार्ट देखें तो तस्वीर ज्यादा सांत्वना देती है। इसमें केवल 10 हफ्तों का मूविंग एवरेज ही हाल की गिरावट में कटा है, जबकि 20, 50, 100 और 200 हफ्तों के सारे मूविंग एवरेज अभी सुरक्षित हैं। संयोग से 20 हफ्तों का मूविंग एवरेज भी 5839 पर ही सहारा देने के लिए मौजूद है। गौरतलब है कि निफ्टी अगस्त 2012 से अब तक 20 हफ्तों के एसएमए से ऊपर ही चलता रहा है। थोड़ा ऊपर-नीचे की गुंजाइश रखते हुए मोटे तौर पर यह माना जा सकता है कि 5800-5830 के दायरे में एक अच्छा सहारा कायम है। 
लेकिन अगर यह दायरा टूटा तो जरूर चिंता की स्थिति बन जायेगी। साप्ताहिक चार्ट पर 20 एसएमए टूटने के बाद 50 हफ्तों का एसएमए सीधे 5490 पर है। चाहे साप्ताहिक चार्ट देखें या दैनिक चार्ट, 5800 के स्तर से फिसल जाने पर इसके नीचे की बड़ी तलहटी 5548 पर है, जो 20 नवंबर 2012 को बनी थी। साथ ही ध्यान रखें कि निफ्टी ने 14 सितंबर 2012 को 5447-5527 के दायरे में एक ऊपरी अंतराल (राइजिंग गैप) बनाया था। यानी 5500 के करीब जाने पर निफ्टी इस खाली जगह को भरने की कोशिश कर सकता है और इस तरह करीब 5400 तक भी गिर सकता है। 
यानी 5800 से नीचे जाने पर करीब 5500-5400 तक की गिरावट का रास्ता खुल सकता है। बीच में  5650 के आसपास एक सहारा जरूर है। लेकिन उस पर कितना भरोसा किया जाये, यह कहना जरा मुश्किल होगा। 
अगर आने वाले सत्रों में निफ्टी न तो 5950-6000 पार करे, न ही 5800-5830 को तोड़े, तो वैसी हालत में क्या करें? मुझे लगता है कि बजट के दिन या इसके बाद यह दायरा ऊपर या नीचे किसी ओर टूटने की संभावना काफी रहेगी। Rajeev Ranjan Jha 
(शेयर मंथन, 24 फरवरी 2013)

 

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"